बोकारो । बोकारो स्टील प्लांट में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं दिव्यांग (PWD) कर्मचारियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यशाला “जागृति” का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य एससी, एसटी एवं पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रावधानों, पात्रता एवं प्रक्रियाओं के साथ-साथ मेडिकल इनवैलिडेशन बोर्ड की भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक बताया गया कि विभिन्न विभागों से होकर प्रकरण किस प्रकार कार्मिक विभाग एवं मेडिकल बोर्ड तक पहुँचते हैं, जहाँ प्रत्येक मामले का निर्धारित नियमों एवं दिशानिर्देशों के अनुरूप मूल्यांकन किया जाता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) ने अपने संबोधन में कहा कि कंपनी की सभी कल्याणकारी नीतियाँ कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से बनाई गई हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि नियमों एवं नीतियों के प्रति जागरूकता ही ‘जागृति’ का मूल उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि कई बार सही जानकारी के अभाव में पात्र परिवार समय पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं, जबकि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम कर्मचारियों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यशाला के दौरान एडिशनल मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा मेडिकल इनवैलिडेशन बोर्ड की संरचना, कार्यप्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया तथा बोर्ड द्वारा अपनाई जाने वाली प्रणाली की विस्तृत जानकारी साझा की गई। उन्होंने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मेडिकल बोर्ड की भूमिका तथा संबंधित प्रक्रियाओं के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रभारी (वर्क्स) सहित एससी एवं एसटी कर्मचारियों के लिए गठित इंटरनल ग्रीवांस रिड्रेसल कमेटी (IGRC) के सदस्य, पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों के लिए गठित इंटरनल ग्रीवांस रिड्रेसल कमेटी के सदस्य तथा मेडिकल बोर्ड के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए क्विज़ प्रतियोगिता (Quiz Competition) का आयोजन भी किया गया, जिसमें कार्यशाला के दौरान साझा की गई जानकारियों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से आए कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए इस प्रकार की जागरूकता कार्यशालाओं के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
