वरिष्ठ संचार विशेषज्ञ के. एम. प्रशांत ने साझा किए प्रभावी जनसंपर्क एवं मीडिया प्रबंधन के व्यावहारिक सूत्र
शक्तिनगर । एनटीपीसी सिंगरौली के कर्मचारी विकास केंद्र (ईडीसी) में “बदलते मीडिया परिदृश्य में प्रभावी संचार और जनसंपर्क” विषय पर संचार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता एनटीपीसी लिमिटेड के पूर्व महाप्रबंधक (नैगम संचार) के. एम. प्रशांत थे, जिन्होंने प्रभावी संचार, मीडिया संबंधों तथा बदलते डिजिटल युग में जनसंपर्क की बदलती भूमिका पर अपने समृद्ध अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए। अपने व्याख्यान में प्रशांत ने कहा कि आज के सूचना-प्रधान युग में केवल सूचना देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विश्वसनीय, समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील संवाद ही किसी भी संगठन की वास्तविक पहचान बनाता है। उन्होंने बताया कि डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया तथा पारंपरिक मीडिया के बीच समन्वय स्थापित कर सकारात्मक जनविश्वास निर्मित किया जा सकता है। उन्होंने क्राइसिस मीडिया प्रबंधन, कंटेंट निर्माण, संस्थागत ब्रांडिंग तथा जनसंपर्क की नैतिकता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि प्रभावी संचार किसी भी संगठन की सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में प्रत्येक व्यक्ति को संप्रेषण कौशल विकसित करना आवश्यक है, जिससे संगठन की उपलब्धियों एवं सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुँचाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली भविष्य में भी संचार एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा।
कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण अनुभव-साझाकरण सत्र रहा, जिसमें उपस्थित पत्रकार बंधुओं ने मीडिया जगत के अपने व्यावहारिक अनुभव साझा किए। उन्होंने स्थानीय पत्रकारिता, जनसरोकारों, समाचारों की विश्वसनीयता, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने स्थानीय विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व, सूचना के प्रभावी आदान-प्रदान तथा जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका श्री के. एम. प्रशांत ने अपने अनुभवों के आधार पर विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
इस अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली एवं स्थानीय मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, सकारात्मक संवाद तथा समाजहित के मुद्दों पर रचनात्मक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी सार्थक चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी, व्यवहारिक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे संवादात्मक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम के प्रारंभ में पत्रकार गण द्वारा पर मुख्य वक्ता के. एम. प्रशांत का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। श्री प्रशांत ने एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा आयोजित इस सार्थक पहल की सराहना करते हुए कहा कि संवाद, विश्वास और पारदर्शिता ही किसी भी संस्थान की दीर्घकालिक सफलता के मूल आधार हैं।
कार्यक्रम का सफल समन्वय राहुल प्रसाद, उप महाप्रबंधक (कर्मचारी विकास केंद्र) द्वारा किया गया। उन्होंने सभी पत्रकार बंधुओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि कर्मचारी विकास केंद्र द्वारा आगामी सत्रों में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनटीपीसी कर्मचारियों, अधिकारियों तथा विभिन्न हितधारकों के लिए प्रभावी संचार, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, डिजिटल मीडिया, जनसंपर्क एवं व्यवहार कौशल से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रशिक्षण सत्र एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में एनटीपीसी सिंगरौली के अधिकारी, स्थानीय पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। कार्यशाला ने संवाद, ज्ञान-विनिमय और सकारात्मक सहभागिता का एक सशक्त मंच प्रदान किया तथा प्रतिभागियों को बदलते मीडिया परिवेश में प्रभावी संचार की नई दृष्टि एवं व्यवहारिक समझ प्रदान की।
