माल ढुलाई से ₹81.09 करोड़ आय, गत वर्ष से 32.48 % अधिक
प्रयागराज । मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/ कोचिंग, हरिमोहन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट, अतुल यादव निर्देशन में प्रयागराज मंडल यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर विभिन्न वाणिज्यिक एवं जनहितकारी अभियान संचालित कर रहा है। यात्रियों को बेहतर भोजन, शुद्ध पेयजल तथा स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण हेतु स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित एवं सघन टिकट जांच अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
माल ढुलाई के क्षेत्र में भी मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹81.09 करोड़ की आय अर्जित की। यह पिछले वर्ष की तुलना में 32.48 प्रतिशत अधिक तथा लक्ष्य से 4.96 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि प्रभावी फ्रेट लोडिंग एवं बिज़नेस डेवलपमेंट पहलों का परिणाम है। नॉन-फेयर रेवेन्यू के क्षेत्र में भी मंडल ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। विविध आय ₹5.34 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 60.36 प्रतिशत अधिक है तथा यह भी अब तक की सर्वाधिक मासिक विविध आय है। इसी प्रकार कैटरिंग से ₹3.25 करोड़ की आय अर्जित की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 77.13 प्रतिशत अधिक तथा लक्ष्य से 36.75 प्रतिशत अधिक रही। यह भी मंडल की अब तक की सर्वाधिक मासिक कैटरिंग आय है।
पार्किंग अनुबंधों से मंडल ने ₹0.44 करोड़ की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 66.26 प्रतिशत तथा लक्ष्य से 23.24 प्रतिशत अधिक रही। कमर्शियल पब्लिसिटी से ₹0.80 करोड़ की आय प्राप्त हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 43.68 प्रतिशत अधिक रही। हालांकि यह निर्धारित लक्ष्य से कुछ कम रही। मंडल ने कुल ₹258.38 करोड़ की वाणिज्यिक आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष जून 2025 की ₹221.26 करोड़ की आय की तुलना में 16.78 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य ₹241.61 करोड़ से 6.94 प्रतिशत अधिक रही। प्रयागराज मंडल की यह उत्कृष्ट उपलब्धि यात्रियों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने, प्रभावी राजस्व प्रबंधन, माल ढुलाई में निरंतर वृद्धि, सुदृढ़ टिकट जांच व्यवस्था तथा गैर-किराया आय के स्रोतों के सफल विस्तार का परिणाम है। मंडल भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के उन्नयन, व्यापारिक अवसरों के विस्तार तथा राजस्व वृद्धि के लिए इसी प्रकार सतत प्रयास करता रहेगा।
