नौगढ़। काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देशन में 1 से 7 जुलाई तक चलाए गए वन महोत्सव अभियान का समापन सोमवार को जयमोहनी रेंज के तत्वावधान में पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में “आम भंडारा” कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को देशी आम प्रजाति के पौधे निःशुल्क वितरित कर के पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।मुख्य अतिथि पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, भारत सरकार के स्वतंत्र निदेशक शिव तपस्या पासवान ने पौधों का वितरण करते हुए कहा कि वन महोत्सव की सफलता केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना ही इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ग्राम्या संस्थान की निदेशक बिंदु सिंह, समाजसेवी जयप्रकाश सिंह उर्फ शेरू यादव तथा ग्राम पंचायत लौवारी कला के प्रधान यशवंत सिंह यादव ईत्यादि ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। वन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा और संवर्धन पर विशेष जोर दे रही है। बताया कि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक लालबहादुर के नेतृत्व में सभी छात्र-छात्राओं ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया।इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी जयमोहनी अमित कुमार श्रीवास्तव, वन दरोगा वीरेंद्र पाण्डेय, निर्भय सिंह, सोमेश प्रथम, सोमेश द्वितीय, वन रक्षक मुलायम, प्रेम सिंह, चंद्रशेखर, मनीष गुप्ता, प्रमोद यादव, भोला नाथ सहित वन कर्मी मौजूद रहे।
