रेणुकूट।समाज के प्रति चिकित्सकों के समर्पण और उनके उत्कृष्ट योगदान का सम्मान करने हेतु हिंडाल्को रेनुकूट के क्लस्टर हेड समीर नायक एवं एच.आर. क्लस्टर हेड जसबीर सिंह के मार्गदर्शन तथा सी.एस.आर. प्रमुख श्री अनिल झा के नेतृत्व में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दिनांक 1 जुलाई को नेशनल डॉक्टर्स डे मनाया गया।
इस अवसर पर दुद्धी,म्योरपुर एवं बभनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आदित्य बिड़ला रूरल टेक्नोलॉजी पार्क, म्योरपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर डॉक्टरों को सम्मानित किया गया।
आयोजित कार्यक्रमों में दुद्धी, म्योरपुर एवं बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी, डॉ. पी.एन. सिंह एवं डॉ. राजन सिंह सहित अन्य चिकित्सकों की प्रमुख उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान हिंडाल्को सी.एस.आर. प्रमुख अनिल झा ने नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर सभी डॉक्टरों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर इस धरती पर भगवान का रूप होते हैं, जो लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार वे सभी के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार उन्हें अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए और समाज में अपना उत्कृष्ट योगदान निरंतर देते रहना चाहिए।
आदित्य बिड़ला रूरल टेक्नोलॉजी पार्क, म्योरपुर हॉस्पिटल के डॉ. डी.पी. सक्सेना ने उपस्थित सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि चिकित्सा के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री एवं महान चिकित्सक डॉ. विधान चंद्र राय के योगदान को सम्मान देने हेतु उनके जन्मदिवस 1 जुलाई को प्रतिवर्ष नेशनल डॉक्टर्स डे के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर सी.एस.आर. प्रमुख अनिल झा एवं अधिकारियों—सुमाशिष चक्रवर्ती, रमाकांत शर्मा, प्रदीप सोनी एवं सचिन सिंह—ने दुद्धी, म्योरपुर एवं बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा सी.एस.आर. से जुड़े सभी डॉक्टरों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में ग्रामीण विकास अधिकारी सुमाशिष चक्रवर्ती ने उपस्थित सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में उनका योगदान अतुलनीय है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास अधिकारी रमाकांत शर्मा ने सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सक के रूप में उनका उत्कृष्ट एवं महत्वपूर्ण योगदान ही उन्हें समाज में सर्वत्र सम्मान दिलाता है।
