सीसीएल की ‘स्वच्छता ऑन कैनवास’ चित्रकला प्रतियोगिता में 30 विद्यालयों के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने स्वच्छता का दिया सृजनात्मक संदेश

Spread the love

रांची, । स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स, रांची के सहयोग से “स्वच्छता ऑन कैनवास” चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स, डोरंडा में किया गया। प्रतियोगिता में रांची के 30 विभिन्न विद्यालयों के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता के संदेश को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता का आयोजन चार आयु वर्गों में किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने “स्वच्छ भारत–हरित भारत”, “मेरा स्वप्न स्वच्छ भारत”, “स्वच्छता ही सेवा”, “स्वच्छ सड़कें–स्वस्थ जीवन” तथा “स्वच्छता ईश्वर के निकट है” जैसे विषयों पर आकर्षक एवं कल्पनाशील चित्र बनाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक उत्तरदायित्व के महत्व को प्रभावशाली ढंग से चित्रित किया। विद्यार्थियों की चित्रकृतियों में स्वच्छ एवं हरित भारत की परिकल्पना, प्रकृति संरक्षण तथा स्वच्छ जीवनशैली के प्रति उनकी संवेदनशील सोच स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

इस अवसर पर सीसीएल के सीएसआर विभाग से पूजा प्रसाद (प्रबंधक, सीएसआर),चंदन कुमार (प्रबंधक, सीएसआर) उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकृतियों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता की सराहना की।

स्वच्छ भारत अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कला केवल सृजनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच एवं व्यवहार परिवर्तन का प्रभावी साधन भी है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।

इस अवसर पर कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के निदेशक एवं कलाकार धनंजय कुमार के सहित कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के सभी शिक्षक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के चारों वर्गों के विजेताओं की घोषणा की गई, जिनमें ग्रुप-ए में प्रशांत रजवार, ग्रुप-बी में विवान शौर्य, ग्रुप-सी में आर्यन मालाकार तथा ग्रुप-डी में भूमिका दत्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं रंग सामग्री देकर सम्मानित किया गया।

ज्ञात हो कि 16 जून से30 जून 2026 तक संचालित स्वच्छता पखवाड़ा-2026  अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुई। इस अभियान का उद्देश्य अलग अलग पहलों के माध्यम से स्वच्छ भारत के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाना और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *