यूनिट-2 (800 मेगावाट) के वाणिज्यिक परिचालन के उपरांत पीवीयूएनएल ने आयोजित की प्रेस वार्ता

Spread the love

पतरातू, । पतरातू सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (पीवीयूएनएल) के चरण-I की यूनिट-2 (800 मेगावाट) के सफल वाणिज्यिक परिचालन घोषणा (Commercial Operation Declaration – COD) के उपलक्ष्य में पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परियोजना की महत्वपूर्ण उपलब्धियों, संचालन संबंधी प्रगति, सामाजिक दायित्वों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में  ए.के. सहगल, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO), पीवीयूएनएल,  अनुपम मुखर्जी, कार्यपालक निदेशक (परियोजना),  मनीष खेतरपाल, महाप्रबंधक (ओ एंड एम),  अमित रौतेला, मुख्य वित्त अधिकारी (CFO),शिप्रा रानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) तथा  जियाउर रहमान, मानव संसाधन विभागाध्यक्ष सहित पीवीयूएनएल के महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस प्रेस वार्ता में देश के विभिन्न प्रमुख प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया संस्थानों के 40 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया।

प्रबंधन ने मीडिया को परियोजना की यूनिट-2 के सफल कमीशनिंग एवं वाणिज्यिक परिचालन घोषणा (COD) की जानकारी देते हुए बताया कि यह उपलब्धि परियोजना को उसकी पूर्ण स्थापित क्षमता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे ले जाती है। साथ ही परियोजना की प्रमुख उपलब्धियों, उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन, पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को पीवीयूएनएल की GEM पहल पर आधारित एक विशेष फिल्म प्रदर्शित की गई। इसके अतिरिक्त फ्लाई ऐश उपयोग एवं सतत राख प्रबंधन पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा सतत विकास के प्रति पीवीयूएनएल की प्रतिबद्धता को दर्शाया गया।

प्रबंधन ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR/CD) कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आधारभूत संरचना विकास एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों से मीडिया को अवगत कराया।

प्रेस वार्ता का समापन एक संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें पत्रकारों ने परियोजना, पर्यावरणीय उपायों, कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व गतिविधियों तथा भविष्य की विस्तार योजनाओं से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। वरिष्ठ प्रबंधन ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए मीडिया के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद स्थापित किया।

यह प्रेस वार्ता पीवीयूएनएल एवं मीडिया के बीच पारदर्शी संवाद, जन-जागरूकता तथा परियोजना की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर साझा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *