रेणुकूट। विश्व रक्तदाता दिवस एवं पद्म भूषण कुमार मंगलम बिड़ला के जन्मदिन पर पर प्रयास फाउंडेशन और हिंडालको रेणुकूट के सहयोग भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन हिंडालको मनोरंजनालय परिसर में किया गया। जिसमें 40 से ज्यादा लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर एचआर हेड अजय कुमार सिन्हा एवं रिडक्शन प्लांट हेड जयेश पवार तो वही विशिष्ट अतिथि के तौर पर जनसंपर्क विभाग प्रमुख यशवंत सिंह, डॉ. अजय गुग्लानी, एचआरबीपी से रोहित गुरिजला, आशीष सिन्हा, अमित शर्मा, संजय सिंह, संतोष सिंह के साथ विनोद सिंह व मनोरंजनालय प्रभारी वेद प्रकाश सहित यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथियों ने कर्मचारियों की सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना करते हुए रक्तदान को जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम बताया। इस शिविर में विदुषी महिला मंडल की सक्रिय सहभागिता प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही। महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर समाज में नारी शक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रयास फाउंडेशन के संस्थापक दिलीप दुबे ने थैलेसीमिया मरीजों के लिए नियमित रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में प्रयास फाउंडेशन की ओर से गौतम अग्रवाल, अमित सिंह, बिपिन, यशपाल, विघ्नेश्वर शर्मा एवं संजय उपस्थित रहे।
