रेनुकट।शिक्षा समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य को लेकर शुभकामना फाउंडेशन द्वारा जनपद सोनभद्र के सलम एवं आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों — SRM Institute of Science and Technology के छात्र अंशुल कुमार शर्मा तथा Chandigarh University की छात्रा नाडेरा फरजान ने रेणुकूट के बोरा टंकी वार्ड नंबर-1 में समर ट्रेनिंग इंटर्नशिप के दौरान इंटर्न्स ने क्षेत्र के बच्चों एवं उनके अभिभावकों से सीधे संवाद स्थापित कर शिक्षा के महत्व, नियमित विद्यालय उपस्थिति, स्वच्छता, अनुशासन तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दे रहे है । उन्होंने बच्चों को केवल पढ़ाई के लिए प्रेरित ही नहीं किया, बल्कि उनके साथ घुल-मिलकर एक मित्रवत वातावरण तैयार किया, जिससे बच्चों में सीखने की उत्सुकता और आत्मविश्वास दोनों का विकास हुआ। एक माह तक लगातार बच्चों के बीच रहकर इंटर्न्स ने उन्हें नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने, विद्यालय से जुड़ाव बढ़ाने लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों को शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। बच्चों के चेहरे पर दिखाई देने वाली खुशी और सीखने की ललक ने पूरे अभियान को और अधिक सार्थक बना दिया।
इंटर्न अंशुल कुमार शर्मा एवं नाडेरा फरजान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सलम एवं आदिवासी समुदाय के बच्चों तथा उनके अभिभावकों से मिलकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई।अभिभावकों से संवाद के दौरान बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, गर्मी से बचाव, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने तथा महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
शुभकामना। फाउंडेशन का मानना है कि आज प्रेरित किया गया एक बच्चा कल समाज का जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर विकास शर्मा, समाजसेवी सुभाष राय एवं सुनीता चौबे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
