दर्लीपाली । एनटीपीसी के परियोजना प्रमुख (हेड ऑफ प्रोजेक्ट) फैज तैयब को एनटीपीसी लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (ईडी) पद पर पदोन्नत किया गया है। उन्होंने 8 जून 2026 को कार्यकारी निदेशक के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया। तैयब ने वर्ष 1990 में एनटीपीसी के साथ अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत की थी। ऊर्जा उत्पादन, परियोजना प्रबंधन तथा संचालन के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनकी उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं व्यापक अनुभव को देखते हुए यह पदोन्नति एनटीपीसी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
बिहार के मूल निवासी तैयब ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.एससी. (इंजीनियरिंग) की डिग्री प्राप्त की है। अपने लंबे और गौरवपूर्ण करियर के दौरान उन्होंने परिचालन (ऑपरेशन), कोयला खनन, भूमि अधिग्रहण, संचालन एवं अनुरक्षण (ओ एंड एम) तथा परियोजना प्रबंधन जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने एनटीपीसी की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं, जिनमें कहलगांव, रांची, पतरातू, बन्हारडीह कोयला खदान, केरेडारी, पकरी बरवाडीह, लारा तथा दर्लीपाली प्रमुख हैं। विभिन्न परियोजनाओं में उनके योगदान ने संगठन की कार्यकुशलता और विकास को नई दिशा प्रदान की है।
