रांची । कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के निदेशक (तकनीकी) अच्युत घटक एवं सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह ने अपने मुख्यालय, रांची में कोल कैरेक्टराइजेशन लेबोरेटरी के तहत अत्याधुनिक आईसीपी-एमएस लैब सुविधा का उद्घाटन किया। यह लैब सुविधा इंडक्टिवली कपल्ड प्लाज्मा मास स्पेक्ट्रोमेट्री (आईसीपी-एमएस)] एक्स-रे फ्लोरेसेंस (एक्सआरएफ) और एक्स-रे डिफ्रैक्शन (एक्सआरडी) जैसी एडवांस्ड मशीनों से लैस है। यह एक ही जगह पर नान-कोल खनिजों के एलिमेंटल, केमिकल और मिनरलोलाजिकल कैरेक्टराइजेशन के लिए एक व्यापक एनालिटिकल प्लेटफार्म उपलब्ध कराती है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) नृपेन्द्र नाथ, निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी] बीडी) आनंद मोहन, सीआईएल के कार्यपालक निदेशक (सीपी एंड पीएम), के0 राजशेखर एवं कार्यपालक निदेशक (गवेषण) आर0के0 सिंह सहित सीएमपीडीआई तथा सीआईएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
तत्पश्चात घटक ने सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, कार्यकारी निदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीआईएल के कोल ब्लाक की स्थिति और उन्हें चालू करने के रोडमैप की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। अपने कार्यक्षेत्र में विविधता लाने की रणनीति के तहत, सीएमपीडीआई कोयले के अलावा गैर-कोयला क्षेत्रों में भी अपनी क्षमताएं बढ़ा रहा है, जिसमें ‘रेयर अर्थ एलिमेंट्स‘ (आरईई) और अन्य महत्वपूर्ण खनिजों की खोज शामिल है। ‘रेयर अर्थ एलिमेंट्स‘ (आरईई) और एडवांस्ड एलिमेंटल एनालिसिस के लिए विशेष सुविधाएं स्थापित करके सीएमपीडीआई भारत की महत्वपूर्ण खनिज जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी खोज और अनुसंधान क्षमताओं का सार्थक रूप से विस्तार कर रहा है।
