एसईसीएल मुख्यालय में समर कैंप का भव्य समापन: बच्चों ने 21 दिनों तक सीखी फिटनेस, रचनात्मकता और नेतृत्व की नई सीख

Spread the love

विलासपुर। बच्चों की खिलखिलाहट, रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों और उत्साह से सराबोर वातावरण के बीच साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में आयोजित “एसईसीएल समर कैंप-2026” का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल वसंत विहार में आयोजित समापन समारोह में बच्चों ने योग, नृत्य, संगीत, खेलकूद, कला एवं शिल्प सहित विभिन्न गतिविधियों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर 21 दिनों की अपनी सीख और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन तथा श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन रहीं। इस अवसर पर एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एचआर-जेसीसी प्रतिनिधि, वेलफेयर कमेटी के सदस्य, श्रद्धा महिला मंडल की सदस्याएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। योग और फिटनेस प्रदर्शन में जहां अनुशासन एवं एकाग्रता की झलक दिखाई दी, वहीं नृत्य, संगीत एवं कला संबंधी प्रस्तुतियों में बच्चों की कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। अभिभावकों ने भी बच्चों में आए सकारात्मक बदलावों और आत्मविश्वास में वृद्धि की सराहना की।

अपने संबोधन में  हरीश दुहन ने कहा कि समर कैंप केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर सीखते रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एसईसीएल अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। समारोह के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत सम्मानित अतिथियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर बच्चों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पौधों की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि 18 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित इस 21 दिवसीय समर कैंप में लगभग 175 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को आयु वर्ग के अनुसार विभिन्न समूहों में विभाजित कर फिटनेस, खेलकूद, योग, संगीत, नृत्य, कला एवं शिल्प, विज्ञान एवं नवाचार, सार्वजनिक वक्तृत्व, नेतृत्व विकास तथा अन्य शिक्षाप्रद एवं मनोरंजक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *