हजारीबाग,। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर एनएमएल बादम कोल खनन परियोजना में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण की रक्षा और हरित वातावरण के निर्माण हेतु सामूहिक रूप से शपथ ली। कार्यक्रम के तहत एनएमएल सिकरी परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व परियोजना प्रमुख के. चंद्रशेखर ने किया। उनके साथ एजीएम (खनन) सीता राम माझी, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) वाई. देवाशीष तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे। इस अवसर पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए के. चंद्रशेखर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही पूरा किया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से एनएमएल बादम कोल खनन परियोजना ने पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया। वृक्षारोपण अभियान में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
