टेढ़ा गाँव में पीडब्ल्यूडी की बड़ी लापरवाही, धूल भरी सड़क पर ही बिछा दी तारकोल की परत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Spread the love

दुद्धी, सोनभद्र। सोनभद्र जनपद के दुद्धी विकास खंड अंतर्गत टेढ़ा गाँव में पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) द्वारा कराई जा रही सड़क मरम्मत कार्य में व्यापक अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला प्रकाश में आया है। विभाग द्वारा बिना मानकों का पालन किए, धूल और मिट्टी से सनी सड़क पर ही सीधे पेंटिंग (तारकोलध्अलकतरा और गिट्टी की परत) बिछाने का काम धड़ल्ले से जारी है। ठेकेदार की इस मनमानी और घटिया निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। नियमों के मुताबिक, सड़क पर अलकतरा डालने से पहले उसकी अच्छी तरह सफाई की जानी चाहिए और सड़क पर बने गड्ढों को पत्थर व गिट्टी भरकर बराबर किया जाना चाहिए। लेकिन यहाँ न तो गड्ढों को भरा गया और न ही धूल साफ की गई। धूल भरी जमीन पर ही सीधे पेंटिंग का काम किया जा रहा है, जिससे गिट्टियां सड़क से चिपक नहीं रही हैं।
लापरवाही का आलम यह है कि सड़क बनने के तुरंत बाद ही उसकी गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए दिखाया कि पैर से रगड़ने पर ही नई बनी सड़क की गिट्टियां और तारकोल अलग हो रहे हैं। हल्की बारिश या भारी वाहनों के गुजरते ही यह सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएगी। सरकारी धन का इस तरह दुरुपयोग देखकर ग्रामीण बेहद आहत हैं।
टेढ़ा गाँव के अब्दुल मजीद, गोरखनाथ, बृज किशोर, कृष्ण कुमार, संतोष सहित अन्य ग्रामीणों ने घटिया निर्माण कार्य को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए  गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उच्च अधिकारियों द्वारा इस निर्माण कार्य की तुरंत जांच नहीं कराई गई और मानक के अनुसार काम दोबारा नहीं शुरू हुआ, तो वे इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर जिला प्रशासन तक करेंगे। इस संबंध में पीडब्लूडी विभाग के जेई पीके मिश्रा ने बताया कि गुणवत्तायुक्त सड़क निर्माण के निर्देश दिए गए हैं,अगर कहीं कोई कमी हैं तो उसको सही करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *