अंता। एनटीपीसी अंता द्वारा संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान ( Girl Empowerment Mission 2026) के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री हीना परिहार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश, बारां, राजस्थान) थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके उपरांत बालिका सशक्तिकरण अभियान (ळम्ड-2026) की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर एक संक्षिप्त प्रस्तुति दी गई, जिसमें बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आत्मविश्वास संवर्धन हेतु आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में सुश्री हीना परिहार ने बालिकाओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम एवं सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी बताया तथा ऐसी किसी भी घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बालिकाओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, सतर्कता एवं आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। डिजिटल युग की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर हमलों, आनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल, साइबर बुलिंग तथा आनलाइन गेमिंग के संभावित खतरों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का उपयोग ज्ञान एवं विकास के लिए किया जाना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना अभिभावकों अथवा संबंधित अधिकारियों को दी जानी चाहिए।
संवाद सत्र के दौरान बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर सुश्री परिहार ने सरल एवं प्रेरक ढंग से दिया। उनके अनुभवों एवं मार्गदर्शन से बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मनिर्भर बनने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिली। इस अवसर पर उन्होंने सफलता का मूल मंत्र साझा करते हुए कहा कि “प्रतिभा नहीं, अनुशासन बनाता है सफलता की असली पहचान।” उन्होंने बालिकाओं को नियमितता, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एनटीपीसी अंता के परियोजना प्रमुख अनिल बवेजा, मानव संसाधन प्रमुख दिलेर सिंह कुहाड़, विभागाध्यक्षगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं GEM-2026 की प्रतिभागी बालिकाएँ उपस्थित रहीं। अंत में अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा बालिकाओं के उज्ज्वल, सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की कामना की गई।
एनटीपीसी अंता : सुश्री हीना परिहार ने बाल विवाह, साइबर सुरक्षा, आनलाइन गेमिंग एवं बालिकाओं के कानूनी अधिकारों पर किया जागरूक
