डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती – अजय सिन्हा 

Spread the love

भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में पत्रकारिता दिवस के अवसर पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन

रेणुकूट। स्थानीय नगर के हिंडालको कॉलोनी परिसर स्थित कल्याण मंडपम में शनिवार को भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक भव्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से आए पत्रकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं साहित्यकारों ने भी भागीदारी की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंडालको के मानव संसाधन प्रमुख अजय सिन्हा रहे, जबकि अध्यक्षता भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय राय ने की। कार्यक्रम का मुख्य विषय “डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं चुनौतियां” रहा, जिस पर वक्ताओं ने विस्तार से अपने विचार रखे। मुख्य अतिथि अजय सिन्हा ने कहा कि तकनीक के तेजी से बढ़ते प्रभाव ने सूचना के प्रसार को सरल और तीव्र बनाया है, लेकिन इसके साथ ही पत्रकारों की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि समाचारों की सत्यता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैl अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय राय ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं की चुनौती भी सामने आई है। ऐसे समय में पत्रकारों को तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष और जनहितकारी समाचार प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। संगोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, सोशल मीडिया के प्रभाव, सूचना की सत्यता, मीडिया की जिम्मेदारी तथा भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि तकनीक पत्रकारिता के लिए अवसर भी लेकर आई है और चुनौतियां भी। ऐसे में पत्रकारों को नई तकनीकों के साथ स्वयं को अद्यतन करते हुए अपनी विश्वसनीयता बनाए रखनी होगी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त समाजसेवा, शिक्षा, चिकित्सा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अनेक व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में यशवंत सिंह, राकेश शरण मिश्र, ए.के. गुप्ता, अखिलेश मिश्रा, नईम गाजीपुरी, अमिताभ मिश्रा, सर्वेश सिंह, पीयूष राय, किशन पांडेय, अजय जोहरी, अंजनि कुमार, मुन्ना ओझा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *