बोकारो । इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के शिक्षा विभाग द्वारा बीएसएल निर्माण के कारण विस्थापित परिवारों के वैध/ सौतेले (पुत्र एवं पुत्रियों) के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-28 हेतु “बिरसा मुंडा छात्रवृत्ति” योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह छात्रवृत्ति उन विद्यार्थियों के लिए है जिन्होंने वर्ष 2026 में मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की है तथा किसी मान्यता प्राप्त महाविद्यालय/विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-28 में +2 पाठ्यक्रम/इंटरमीडिएट में नामांकन प्राप्त किया है।जारी परिपत्र के अनुसार, +2 पाठ्यक्रम/इंटरमीडिएट के प्रथम वर्ष के लिए चयनित विद्यार्थियों को ₹500 प्रतिमाह तथा द्वितीय वर्ष के लिए ₹750 प्रतिमाह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह सुविधा अधिकतम दो वर्षों तक उपलब्ध रहेगी।
छात्रवृत्तियां पूर्णतः योग्यता (मेरिट) के आधार पर प्रदान की जाएंगी तथा कुल 25 विद्यार्थियों का चयन “बिरसा मुंडा छात्रवृत्ति” योजना के लिए किया जाएगा। छात्रवृत्ति की राशि चयनित विद्यार्थियों के बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। यह योजना केवल विस्थापित परिवारों के वैध/ सौतेले संतानों के लिए लागू होगी। साथ ही, ऐसे छात्र जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-28 से पूर्व किसी अन्य सत्र में इस पाठ्यक्रम में नामांकन लिया है, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे। आवेदन के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, डीपीएलआर द्वारा निर्गत एवं स्व-अभिप्रमाणित विस्थापन प्रमाण पत्र, मैट्रिक अंकपत्र तथा बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को विहित प्रपत्र में आवेदन बीएसएल के एच आर (एल एंड डी) विभाग, कक्ष संख्या-01 में 20 जुलाई 2026 तक जमा करना होगा।
