सोनभद्र, सिंगरौली। नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनएससी) में चल रहे ‘आरोहण समर कैंप-2026’ में बैडमिंटन, टेबल टेनिस और म्यूजिकल डांस में लगभग 180 नौनिहालों द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लिया जा रहा है । 21 मई से 10 जून तक चल रहे इस कैंप का उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
टेबल टेनिस प्रशिक्षण सुबह 05:30 बजे से प्रारंभ होता है और बच्चों को कोच अनिल श्रीवास्तव व दिनेश कुमार वर्मा द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा हैं। दोनों कोच कोल इंडिया की अंतर-कंपनी टीमों के खिलाड़ी रहे हैं और नियमित अभ्यास के माध्यम से खिलाड़ियों को तकनीकी सुधार व प्रदर्शन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। बैडमिंटन प्रशिक्षण नरेश पाल, पवन श्रीवास्तव व सैफ अली संचालित कर रहे हैं, जबकि डांस के लिए अनीता जगत, अलीशा तिर्की, गीता ध्रुवे व आदित्य तिवारी कोचिंग दे रहे हैं।
आयोजक बताते हैं कि समर कैंप केवल खेल सिखाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास, गति, ताकत और सहनशक्ति बढ़ाने का माध्यम भी है। कैंप के दौरान बच्चों में उत्साह बना हुआ है और अभिभावक इस पहल की सराहना कर रहे हैं। हर दिन अभ्यास के बाद बच्चों को पोषण-सम्पन्न स्नैक, जूस और पानी प्रदान किया जा रहा है।
गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा वर्ष 2018 से प्रतिवर्ष “आरोहण” समर कैंप बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट को बढ़ावा देने हेतु आयोजित किया जाता रहा है।
एनसीएल के आरोहण समर कैंप में बच्चों का उत्साह और प्रतिभा दोनों परवान पर, 180 बच्चे मस्ती के साथ सीख रहे हुनर की एबीसीडी
