नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास-2), नागपुर की छमाही बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न*
10 हिंदी प्रतियोगिताओं के 50 कार्मिक पुरस्कृत
नागपुर : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), नागपुर (कार्यालय-2) के तत्वावधान में 22 मई 2026 को छमाही बैठक एवं हिंदी प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामयी आयोजन वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय के सांस्कृतिक भवन में किया गया। इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता नराकास (का-2) के अध्यक्ष एवं वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमन्त शरद पांडे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंकज कुलश्रेष्ठ, महानियंत्रक, भारतीय खान ब्यूरो; बिक्रम घोष, निदेशक (वित्त/मा.सं.), वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड; प्रमोद सांगोले, सहायक निदेशक (राजभाषा), क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (पश्चिम); बिस्वजीत पाणिग्रही, वैज्ञानिक–जी / उप क्षेत्रीय निदेशक, परमाणु खनिज अन्वेषण एवं अनुसंधान निदेशालय; डॉ. जी श्रीनिवासन, वैज्ञानिक–जी एवं महाप्रबंधक, क्षेत्रीय सुदूर संवेदन केंद्र–मध्य, इसरो उपस्थित रहे।
समारोह में नागपुर में स्थित केंद्र सरकार के कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के साथ हुई। इसके बाद वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के महाप्रबंधक (मा.सं./औद्योगिक संबंध एवं राजभाषा प्रमुख) ललित प्रकाश तिर्की ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और प्रास्ताविक संबोधन दिया।
डॉ. हेमंत शरद पांडे ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी प्रतिभागियों को दैनिक कामकाजी जीवन में हिंदी के गौरव को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजभाषा कोई थोपा गया नियम या संवैधानिक बाध्यता नहीं है। यह हमारे गौरव, हमारी संस्कृति और हमारे देश की जनता से जुड़ने का सबसे सीधा माध्यम है। जब हम जनता की भाषा में काम करते हैं, तो शासन और जनता के बीच की दूरी समाप्त हो जाती है।
समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में राजभाषा हिंदी के बढ़ते प्रभाव और कार्यालयों में इसके सुचारू उपयोग पर बल दिया। गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग से आए प्रमोद सांगोले ने समिति के कार्यों की समीक्षा की। पुरस्कार वितरण के पश्चात सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों ने राजभाषा को बढ़ावा देने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए। कार्यक्रम का संचालन मिलिंद चहांदे, प्रबंधक (जनसंपर्क) एवं पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन दीपक सिंह चौहान, अनुवादक (राजभाषा) ने किया। कार्यक्रम के अंत में नराकास (का-2) के सदस्य सचिव अतुल पी. बन्सोड ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
10 हिंदी प्रतियोगिताओं के 50 कार्मिक पुरस्कृत : कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 05 जनवरी 2026 से 05 फरवरी 2026 के दौरान आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करना रहा। पूरे एक महीने चली इन प्रतियोगिताओं में तात्कालिक भाषण, चित्र आधारित कहानी लेखन, स्लोगन लेखन, शुद्ध एवं सुलेख, वर्ग पहेली, निबंध, स्व-रचित काव्य पाठ, राजभाषा प्रश्नोत्तरी, अनुवाद और सामान्य ज्ञान जैसी 10 प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इन सभी प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय, तृतीय और प्रोत्साहन श्रेणी के 50 विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
