निदेशक मानव संसाधन एमसीएल  केशव राव ने बीसीसीएल मानव संसाधन अधिकारियों से किया संवाद

Spread the love

अन्नपूर्णा हॉल, कोयला नगर में आयोजित हुआ विशेष संवादात्मक सत्र

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा आज कोयला नगर स्थित अन्नपूर्णा हॉल में एक विशेष संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन)  केशव राव मुख्य अतिथि एवं विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बीसीसीएल के मानव संसाधन अधिकारियों के साथ वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में ऊर्जा संकट, ऊर्जा सुरक्षा, मानव संसाधन प्रबंधन के समक्ष उपस्थित अवसर एवं चुनौतियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत संवाद किया तथा अपने अनुभवों एवं विचारों को साझा किया। इस अवसर पर (मानव संसाधन) बीसीसीएल,  मुरली कृष्ण रमैया, महाप्रबंधक (एचआरडी) सुधाकर प्रसाद सहित मानव संसाधन निदेशालय, बीसीसीएल के अंतर्गत कोयला भवन मुख्यालय के सभी महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री केशव राव ने कहा कि वर्तमान समय वैश्विक स्तर पर तीव्र परिवर्तन और चुनौतियों का दौर है, जहाँ ऊर्जा सुरक्षा किसी भी राष्ट्र की आर्थिक एवं रणनीतिक स्थिरता का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा ऐसे समय में मानव संसाधन प्रबंधन की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने मानव संसाधन अधिकारियों को संगठन की कार्यसंस्कृति, उत्पादकता तथा कर्मचारी सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। श्री राव ने संगठनात्मक विकास के संदर्भ में एसडब्ल्यूओटी (SWOT) विश्लेषण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक संस्था को अपनी शक्तियों, कमजोरियों, अवसरों एवं चुनौतियों का सतत मूल्यांकन करते हुए बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावी नेतृत्व, पारदर्शी संवाद, तकनीकी नवाचार तथा कर्मचारी-केंद्रित नीतियाँ किसी भी संगठन को दीर्घकालिक सफलता प्रदान करती हैं। साथ ही उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि वर्तमान अभूतपूर्व वैश्विक परिस्थितियों में कुशल कार्यबल प्रबंधन, क्षमता निर्माण, सतत प्रशिक्षण तथा सकारात्मक औद्योगिक संबंधों के माध्यम से ही चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के औपचारिक स्वागत, सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगीत एवं कोल इंडिया गीत के साथ हुई। स्वागत वक्तव्य महाप्रबंधक (एचआरडी) सुधाकर प्रसाद द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम की आवश्यकता, उद्देश्य एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

स्वागत संबोधन करते हुए निदेशक (मानव संसाधन), बीसीसीएल  मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि मानव संसाधन किसी भी संगठन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है तथा बदलते औद्योगिक परिवेश में मानव संसाधन प्रबंधन की भूमिका व्यापक एवं चुनौतीपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल निरंतर अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कौशल विकास, कार्यक्षमता वृद्धि एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति के निर्माण हेतु प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के समापन सत्र में एक विशेष प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित एचआर अधिकारियों ने मानव संसाधन प्रबंधन, नेतृत्व, कर्मचारी सहभागिता, संगठनात्मक चुनौतियों तथा भविष्य की कार्यसंस्कृति से संबंधित विभिन्न प्रश्न श्री राव के समक्ष रखे। श्री राव ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें व्यावसायिक उत्कृष्टता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया। इसके उपरांत निदेशक (मानव संसाधन), बीसीसीएल मुरली कृष्ण रमैया ने बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से श्री केशव राव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

विदित हो कि श्री केशव राव भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे तथा भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) अहमदाबाद के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने आईआईएम से मानव संसाधन विषय में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी प्राप्त किया है। उन्होंने अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, ऑस्ट्रिया एवं पुर्तगाल सहित विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं सम्मेलनों में भाग लिया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया है तथा विभिन्न संगठनों एवं शैक्षणिक संस्थानों में मानव संसाधन एवं प्रबंधन विषयों पर नियमित रूप से व्याख्यान देते रहे हैं। कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक (प्रशासन) मनीष मिश्रा द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *