सपनों की उड़ान : बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026 का शुभारंभ

Spread the love

बीजपुर । एनटीपीसी रिहंद, सीएसआर विभाग द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी एक माह के लिए बालिका सशक्तीकरण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। बालिका सशक्तीकरण अभियान कार्यशाला का भव्य उद्घाटन को तरंग प्रेक्षागृह में मुख्य अतिथि संजय असाटी, परियोजना प्रमुख (रिहंद),विशिष्ट अतिथि  संदीप नायक , परियोजना प्रमुख (सिंगरौली),प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा, वनिता समाज, नीलू असाटी, अध्यक्षा, वर्तिका महिला मण्डल समिति,  प्रणय कुमार नायक, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण),सतेन्द्र कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन, एनटीपीसी विंध्याचल),माणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक, (अनुरक्षण एवं एडीएम, एनटीपीसी विंध्याचल), उप समादेष्टा सीआईएसएफ़  प्रकाश, विभागाध्यक्षगाण, वर्तिका महिला मण्डल समिति की वरिष्ठ सदस्याओं, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा एनटीपीसी गीत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। 

मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख  असाटी ने बालिका सशक्तीकरण के महत्व पर ज़ोर देते हुए बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु सीएसआर द्वारा आयोजित इस अभियान की सराहना की । उन्होंने कहा कि सशक्तीकरण का अर्थ है किसी को शक्ति देना या किसी को मजबूत और आत्मविश्वासी बनाना । उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान केवल शिक्षा तक ही सीमित नहीं है अपितु यह एक समग्र विकास पहल है जो शैक्षिक सहायता, कौशल निर्माण, व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल प्रशिक्षण प्रदान करता है । कार्यशाला में भाग ले रही बालिकाओं को संबोधित करते हुए असाती ने कहा कि आप सभी ताकत, लचीलापन और आशा की प्रतिमूर्ति हो । आपको यहाँ से जो सीख मिले उसे अपने आस-पास में भी बाटना है । 

इसके पूर्व मुख्य अतिथि सहित अन्य आमंत्रित गणमान्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया ।  मानव संसाधन विभागाध्यक्ष राजेश बोयपाई ने सभी गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए उनकी उपस्थिति के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यशाला के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष सात विद्यालयों से कुल 140 बालिकाएं प्रशिक्षण में शामिल हुई हैं ।  

इस सुअवसर पर बालिका सशक्तीकरण अभियान के पूर्व प्रतिभागियों तथा डीएवी स्कूल में अध्ययनरत बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए सभी का मन मोह लिया तथा पूर्व के वर्षों  में आयोजित कार्यशाला के अनुभवों को साझा करते हुए एनटीपीसी रिहंद के प्रति आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम के दौरान डीएवी में अध्ध्य्यनरत  उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पिछले कार्यशाला की जेम बालिकाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *