उत्तर मध्य रेलवे की 10वीं जेडआरयूसीसी की द्वितीय बैठक प्रयागराज में संपन्न

Spread the love

यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर हुई सार्थक चर्चा*

प्रयागराज / उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आज प्रयागराज में 10वीं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (ZRUCC) की द्वितीय बैठक का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया । इस महत्वपूर्ण बैठक में रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से एवं सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्य रूप से माननीय सांसद (राज्यसभा, उत्तर प्रदेश) श्रीमती सीमा द्विवेदी, माननीय सांसद (लोकसभा, भिंड – दतिया) श्रीमती संध्या राय और माननीय विधायक (राठ) श्रीमती मनीषा अनुरागी सहित समिति के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे । 

बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक  नरेश पाल सिंह ने सभी उपस्थित सांसदों, विधायक  और सम्मानित सदस्यों का स्वागत किया और रेलवे को देश की ‘लाइफ लाइन’ बताया । उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के महत्वपूर्ण हिस्सों को देश से जोड़ने का काम कर रहा है । महाप्रबंधक  ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान उत्तर मध्य रेलवे द्वारा हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों का विवरण साझा किया।

आय और माल लदान: वित्त वर्ष 2025-26 में आरंभिक यात्री संख्या लगभग 15.51 करोड़ रही, जो निर्धारित लक्ष्य से 2.8% अधिक है । माल लदान में 20.97 एम टी  का स्तर हासिल कर लगभग 2292 करोड़ रुपये की आय प्राप्त की गई । 

ट्रेन संचालन और गति में वृद्धि: यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 16075 विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया और ट्रेनों में 899 अतिरिक्त कोच लगाए गए । उत्तर मध्य रेलवे द्वारा 3 जोड़ी नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया, जिसमें प्रयागराज-दादरी ट्रेन से नोएडा एन सी आर और जेवर एयरपोर्ट के यात्रियों को विशेष लाभ मिला है । इसके अलावा, 24 ट्रेनों की गति को बढ़ाकर 130 किमी/घंटा किया गया है । 

बुनियादी ढांचा और ‘कवच’ तकनीक: उत्तर मध्य रेलवे में 96 किमी नई रेलवे लाइन बिछाई गई और 27 किमी का गेज परिवर्तन हुआ । सुरक्षा को पुख्ता करते हुए हाल ही में 190 किमी (प्रयागराज-कानपुर) खंड में ‘कवच’ (ट्रेन टक्कर रोधी उपकरण) की कमीशनिंग की गई है और कानपुर व झांसी शेड के 96 लोकोमोटिव में इसे लगाया जा चुका है । 

स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुविधाएं: ज़ोन के 08 प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास (किया जा रहा है । साथ ही, अमृत भारत योजना के तहत 46 स्टेशनों में से 17 का कार्य पूर्ण हो चुका है । दिव्यांगजनों के लिए 192 स्टेशनों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और 250 से अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार दिया गया है । महिलाओं की सुविधा हेतु स्टेशनों पर शिशु स्तनपान कक्ष और रेल मदद के माध्यम से विशेष आवश्यकताओं की पूर्ति की जा रही है । 

यात्री सुरक्षा: आरपीएफ (RPF) ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत 452 आरोपियों को गिरफ्तार किया । वहीं, ‘ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते’ के तहत 942 लावारिस बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों या एनजीओ को सुपुर्द किया गया । 

महाप्रबंधक  नरेश पाल सिंह ने उपस्थित माननीय सांसदों (श्रीमती सीमा द्विवेदी व श्रीमती संध्या राय) एवं माननीय विधायक (श्रीमती मनीषा अनुरागी)  एवं सभी उपस्थित सदस्यों को आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त सभी बहुमूल्य सुझावों का गंभीरता से अध्ययन किया जाएगा । उन्होंने कहा कि जो मामले क्षेत्रीय रेलवे के अधिकार क्षेत्र में होंगे, उन्हें रेल विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा और शेष प्रस्तावों को रेलवे बोर्ड या अन्य जोनों को भेजा जाएगा । 

अध्यक्ष की अनुमति से जब एजेंडा आइटम्स (Agenda Items) पर चर्चा शुरू हुई, तब उपस्थित सांसदों और विधायक महोदया एवं सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनता की आकांक्षाओं और रेल सुविधाओं में सुधार के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण सुझाव एवं बिंदु रेल प्रशासन के समक्ष रखे। सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, प्रमुख मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों के ठहराव में वृद्धि करने तथा स्टेशनों के सुंदरीकरण व पहुंच मार्गों को बेहतर बनाने का सुझाव दिया। सांसद श्रीमती संध्या राय ने अपने संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं जैसे फुट ओवर ब्रिज, शेल्टरों के विस्तार और नई विशेष गाड़ियों के संचालन अथवा वर्तमान गाड़ियों के विस्तारीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। इसी क्रम में विधायक श्रीमती मनीषा अनुरागी ने बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों की सहूलियत के लिए गाड़ियों की गति सीमा बढ़ाने, स्टेशनों पर पेयजल व शौचालय जैसी मूलभूत यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा स्थानीय जनता की रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया।बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक महोदय ने सभी सम्मानित सदस्यों का स्वागत किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (सामान्य) एवं सचिव (जेडआरयूसीसी) अतुल कुमार मिश्रा ने सभा के अध्यक्ष व महाप्रबंधक , सांसदों, विधायक और सभी सम्मानित सदस्यों का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया । 

 अतुल कुमार मिश्रा ने समिति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस समिति के गठन का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों और गाड़ियों पर यात्री-सुविधाओं को यथासंभव लाभदायक और सुगम बनाने के लिए जनमत प्राप्त करना है । इससे रेलवे प्रशासन को जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप सटीक निर्णय लेने में सहायता मिलती है । उन्होंने बताया कि वर्तमान में 10वीं ZRUCC में कुल 52 सदस्य नामित हैं, जो समय-समय पर मेल, व्हाट्सएप और पत्रों के माध्यम से जनता की रेल संबंधी आकांक्षाओं से प्रशासन को अवगत कराते रहते हैं । उप महाप्रबंधक ने विश्वास जताया कि यह बैठक जन-आकांक्षाओं को पूर्ण करने में अत्यंत सार्थक सिद्ध होगी ।  बैठक के अंत में प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक महोदय द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक संपन्न हुई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *