सोलापुर, । एनटीपीसी सोलापुर में नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित एनटीपीसी की प्रमुख पहल बालिका सशक्तिकरण मिशन (जीईएम)-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम का उददेश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं के सर्वांगीण विकास करना है। इस वर्ष जीईएम के अंतर्गत लगभग 50 बालिकाओं का चयन किया गया है।इस एक माह की आवासीय कार्यशाला का शुभारंभ डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर सभागार में किया गया, जहां अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर जीईएम कार्यक्रम पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागी बालिकाओं को कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई।इस अवसर पर बी.जे.सी. शास्त्री, कार्यकारी निदेशक (एनटीपीसी सोलापुर),एम. के. बेबी, मुख्य महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), सुभाषीस बंदद्योपाध्याय, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम), पद्मा शास्त्री, अध्यक्षा, सृजना महिला मंडल, सिबी बेबी, उपाध्यक्षा, सृजना महिला मंडल सहित एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी एवं सृजना महिला मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

सभागार को संबोधित करते हुए बी. जे.सी. शास्त्री ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं कौशल संवर्धन ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जीईएम जैसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं नई सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रतिभागी छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इस अभियान ने उनके व्यक्तित्व एवं सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रेरणादायक अनुभवों ने नई प्रतिभागी बालिकाओं में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार किया।
समारोह का समापन प्रतिभागी बालिकाओं को किट वितरण के साथ हुआ, जो जीईएम-2026 के अंतर्गत उनकी नई सीख एवं विकास यात्रा की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक बना।
साल दर साल यह भव्य आयोजन इस बात का प्रमाण है कि एनटीपीसी सोलापुर बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं समावेशी विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।
