सिंगरौली एनटीपीसी विंध्याचल ने 1 उमंग भवन में अपने प्रमुख सामाजिक अभियान बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 के सातवें संस्करण का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम ग्रामीण बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और
समग्र विकास के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वर्ष 2018 से शुरू हुई इस
एक माह की आवासीय कार्यशाला के माध्यम से अब तक आसपास के जिलों की 736 बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक
परिवर्तन आया है। यह पहल भारत सरकार के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अनुरूप संचालित की जा रही है।

कार्यक्रम का उद्घाटन सिंगरौली कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गौरव बेनल,आईएएस ने किया। इस अवसर पर
पुलिस अधीक्षक के.एम. शियाज, आईपीएस, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, एनटीपीसी विंध्याचल के
परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा, वरिष्ठ अधिकारी, सीआईएसएफ प्रतिनिधि, विद्यालयों के प्राचार्य एवं मीडिया
प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने बालिका सशक्तिकरण के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के सामूहिक संकल्प को
प्रदर्शित किया।
अतिथियों का स्वागत करते हुए विंध्याचल की मानव संसाधन प्रमुख रूमा दे शर्मा ने बताया कि विंध्य क्षेत्र में एक
पायलट परियोजना के रूप में शुरू हुआ बालिका सशक्तिकरण अभियान कार्यक्रम आज अपनी सफलता के कारण देशभर
के 50 से अधिक एनटीपीसी परियोजनाओं में लागू किया जा चुका है। उद्घाटन समारोह में डीपीएस के विद्यार्थियों द्वारा
गणेश वंदना प्रस्तुत की गई तथा जेम की पूर्व प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पहल ने उनके
आत्मविश्वास और शैक्षणिक विकास को नई दिशा दी है।
अपने संबोधन में एनटीपीसी विंध्याचल के परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा ने कहा कि जेम के माध्यम से वर्षों से
बालिकाओं के व्यक्तित्व में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा, जीवन कौशल,
फिटनेस एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा ने इस सार्थक पहल के
लिए एनटीपीसी की सराहना की, वहीं पुलिस अधीक्षक के.एम. शियाज ने कहा कि लड़कियों को सामाजिक बंधनों से
ऊपर उठकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में कलेक्टर गौरव बेनल ने बालिकाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए
निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया। समारोह के दौरान जेम-2025 पर आधारित एक लघु फिल्म तथा जेम -2026 का
टीज़र भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें योग, कराटे, कहानी लेखन एवं सामाजिक जागरूकता जैसी गतिविधियों को
रचनात्मक रूप से दिखाया गया। कार्यक्रम का समापन बालिका सशक्तिकरण विषय पर विभिन्न विद्यालयों की रंगारंग
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतिभागियों के सम्मान, नई जेम 2026 बैच के स्वागत में प्रतीकात्मक केक कटिंग तथा अपर
महाप्रबंधक(मानव संसाधन) प्रणव वर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
जेम के माध्यम से एनटीपीसी विंध्याचल समावेशी एवं सतत सामुदायिक विकास के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को
निरंतर सशक्त बना रहा है।
