रेणुकूट/सोनभद्र। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए वी-मार्ट पुलिया से खाड़पाथर मोड़ तक सड़क की दोनों पटरियों पर कट स्टोन लगाने का कार्य शुरू हो गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ शुक्रवार को प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव गोंड़ द्वारा विधिवत भूमि पूजन कर किया गया। भूमि पूजन के दौरान राज्य मंत्री संजीव गोंड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “यह सड़क क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कट स्टोन लगने से न केवल सड़क मजबूत होगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी काफी हद तक रोक लगेगी। हमारी सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिले। उन्होंने आगे कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराया जाएगा।
यह कार्य जिला खनिज निधि के फंड से कराया जा रहा है, जिसके लिए कुल 2 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के तहत सड़क के दोनों ओर 10-10 फीट तक कट स्टोन बिछाया जाएगा। एक ओर से इस मार्ग की लंबाई लगभग 2.100 किलोमीटर है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती थीं और जाम की समस्या भी गंभीर बनी रहती थी। सड़क के किनारे मजबूत पटरी न होने के कारण वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब कट स्टोन बिछने से सड़क चैड़ी और सुरक्षित होगी, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। कार्यक्रम में पूर्व विधान परिषद सदस्य श्याम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चाँदप्रकाश जैन, नगर पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, प्रांतीय परिषद सदस्य राकेश पांडेय, अनिल सिंह, पंकज पटेल, हरिराम शाह, राज वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष मिश्रा द्वारा किया गया। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
