*भारतीय नव वर्ष की पूर्व संध्या पर संस्कार भारती ने किया नये वर्ष का अभिनन्दन एवं सुर-ताल संस्कृतिक संध्या

पीडीडीयू नगर। भारतीय नव वर्ष की पूर्व संध्या पर संस्कार भारती चंदौली के तत्वावधान में नगर स्थित रामकृष्ण महिला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सुर-ताल सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। देर रात लगभग 11:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में कला, संस्कृति और परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली। स्थानीय कलाकारों ने विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येंद्र कुमार बारी रहे। जबकि विशिष्ट अतिथियों में प्रमुख समाज सेविका श्वेता कनोडिया, रणजीत सिंह और रमेश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्येय गीत के साथ हुआ, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला प्रारंभ हुई। सत्येंद्र बारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में नव वर्ष का आरंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से माना जाता है। उन्होंने बताया कि भारतीय कालगणना के अनुसार यही दिन सृष्टि के आरंभ का प्रतीक है और इसी दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का राज्याभिषेक हुआ था। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

विशिष्ट अतिथि एवं सनबीम स्कूल मुगलसराय की निदेशक श्वेता कनोडिया ने कहा कि संस्कार भारती कला और साहित्य के संरक्षण के लिए समर्पित संस्था है। संस्था द्वारा प्रतिवर्ष इस प्रकार के आयोजन के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश दिया जाता है।
संस्कार भारती के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश जिंदल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता को संरक्षित रखने के लिए प्राचीन परंपराओं को जीवंत बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। वहीं वर्तमान जिलाध्यक्ष आनंद तोदी ने कहा कि भारतीय नव वर्ष नई आशा, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है, जिसकी शुरुआत रचनात्मक कार्यों से करना हमारी परंपरा रही है। कार्यक्रम के दौरान भजन-गीत, कथक नृत्य, नृत्य नाटिका, कृष्ण उपदेश, श्री राम राज्याभिषेकम और नाटक जैसी विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। स्थानीय कलाकारों के प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही संस्था द्वारा प्रतिभाशाली युवा कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर सतीश जिंदल, डॉ.ओपी सिंह,राजकुमार जायसवाल,सुधीर भास्कर राव पांडे, डॉ. मनोज सिंह, डॉ. मुकेश प्रताप सिंह, संजय राय, सुधीर पांडेय, अनीता कुशवाहा, शरद मिश्र, माधुरी, विजय सिंह, चंद्रेश्वर जायसवाल, डॉ विनय वर्मा, गायत्री केशरी, शशि शंकर सिंह, डिम्पल सिंह, संतोष गुप्ता, दुर्गेश पांडे, डॉo विनय वर्मा, राणा प्रताप सिंह, शशी मिश्रा, आलोक सिंह,अनिता कुशवाहा,सुनील केशरी,सुभाष तुलसियान, ओ पी जिंदल, अजय सिंह, कुमार नंद, संजय शर्मा, निधि तिवारी, मालती गुप्ता, नीना वैश्य, रेणु सिंह, पूजा जगोटा, सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा कवि डॉ. सुरेश अकेला ने और धन्यवाद ज्ञापन शरदचन्द मिश्र ने किया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
