श्रमिक कल्याण एवं जागरूकता के प्रति एनटीपीसी सिंगरौली की सशक्त प्रतिबद्धता 

Spread the love

 मई दिवस पर विविध जनोपयोगी पहलों का सफल आयोजन

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली में मई दिवस के पावन अवसर पर श्रमिक कल्याण, स्वास्थ्य संरक्षण तथा विधिक जागरूकता को समर्पित विविध कार्यक्रमों का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों ने संगठन की श्रमिक-हितैषी नीतियों एवं समावेशी विकास दृष्टिकोण को पुनः सुदृढ़ रूप से अभिव्यक्त किया।

दिनांक 30 अप्रैल 2026 को सिंगरौली स्टेज-III परियोजना के संविदा श्रमिकों हेतु एक नवीन श्रम शेड का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संदीप नायक तथा महाप्रबंधक (परियोजना) रश्मिरंजन मोहंती की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस श्रम शेड में विश्राम कक्ष, स्वच्छ शौचालय एवं शुद्ध पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे श्रमिकों को कार्यस्थल पर एक सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण प्राप्त हो सके। साथ ही, संविदा श्रमिकों के मध्य टी-शर्ट एवं अल्पाहार का वितरण भी किया गया, जिससे उनके मनोबल को सुदृढ़ किया जा सके। इसी क्रम में, श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए, एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा संजीवनी अस्पताल के सहयोग से स्टेज-III (2×800 मेगावाट) निर्माण क्षेत्र में एक व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में श्रमिकों का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निवारक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों सहित चिकित्सकीय विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर श्री नायक द्वारा श्रमिक आवास क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया, जहाँ उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा एवं जीवन-स्तर में सुधार हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। श्रमिकों को सुविधा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से टी-शर्ट एवं जल बोतलों का वितरण भी किया गया।

मई दिवस के उपलक्ष्य में श्रमिकों के विधिक सशक्तिकरण हेतु एक जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया। मानव संसाधन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नवीन श्रम कानूनों के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। प्रबंधक (एचआर)  शाश्वत रंजन मिश्रा द्वारा सत्र का संचालन किया गया, जिसमें एक संवादात्मक प्रश्नोत्तरी के माध्यम से श्रमिकों की समझ का आकलन एवं ज्ञानवर्धन सुनिश्चित किया गया। यह कार्यक्रम मानव संसाधन प्रमुख श्री सिद्धार्थ मंडल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ तथा इसमें श्रमिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। इसके अतिरिक्त, मई दिवस के अवसर पर सेवा भवन पार्किंग क्षेत्र में श्रमिकों के लिए एक समर्पित विश्राम कक्ष सुविधा का भी उद्घाटन किया गया। यह पहल संचालन एवं अनुरक्षण (सिविल) विभाग द्वारा श्रमिकों के मूलभूत सुविधाओं के संवर्धन हेतु की गई है। उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।

इसी क्रम में, संजीवनी अस्पताल द्वारा ‘अह्वाहन’ पहल के अंतर्गत मई दिवस पर एक जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों के अधिकार (पीएफ, न्यूनतम वेतन, ईएसआईसी), कार्यस्थल स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा जन-जागरूकता विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई, साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रमिकों की सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया। वरिष्ठ चिकित्सकों एवं अधिकारियों ने श्रमिकों के योगदान की सराहना की।इन समस्त पहलों के माध्यम से एनटीपीसी सिंगरौली ने यह स्पष्ट रूप से प्रतिपादित किया है कि संगठन न केवल ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी है, अपितु श्रमिकों के कल्याण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति भी पूर्णतः प्रतिबद्ध है। मई दिवस के अवसर पर आयोजित ये कार्यक्रम श्रमिकों के सम्मान एवं उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *