प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मण्डल से 30 मार्च को सहायक मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक (सामान्य) दिनेश कुमार सहित 33 रेल सेवक सेवानिवृत्त हुए । सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सामान्य) पद से सेवानिवृत्त दिनेश कुमार ने अपने कैरियर की शुरुआत वर्ष 1995 में रेलवे भर्ती बोर्ड, चंडीगढ़ से चयनित होकर की । उनकी प्रथम नियुक्ति अक्तूबर 1995 में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, दिल्ली में मुख्य विधि सहायक पद पर हुई । तत्पश्चात वर्ष 2003 से 2019 तक उन्होंने प्रधान कार्यालय, उत्तर मध्य रेलवे में अपनी सेवाएं प्रदान कीं ।

दिसंबर 2019 में सहायक वाणिज्य प्रबंधक पद पर चयनित होने के पश्चात उन्होंने जून 2021 तक झांसी मंडल में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर कार्य किया। इसके बाद जून 2021 से अगस्त 2021 तक झांसी स्टेशन पर स्टेशन निदेशक के रूप में कार्यरत रहे तथा अगस्त 2021 से अप्रैल 2026 तक प्रयागराज मंडल में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) के पद पर अपनी सेवाएं दीं।

सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों में से हरकीरत सिंह, लोको निरीक्षक/कानपुर; संतोष कुमार तिवारी, लोको पायलट/कानपुर; अशफाक़ अहमद, पॉइंट्समैन/खुर्जा; गोपाल सिंह, पॉइंट्समैन/खुर्जा; श्रीमती महामती, पॉइंट्समैन/कानपुर एवं रामलखन, पॉइंट्समैन/बलरई को सुरक्षित एवं संरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए ‘एक्सीडेंट फ्री अवार्ड’ से सम्मानित किया गया । इस माह सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को कुल लगभग 11,48,57,922/- रूपए का समापन भुगतान नियमानुसार डिजिटल माध्यम से किया गया। प्रयागराज मंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंडल कार्मिक अधिकारी के. एल. जायसवाल द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापन भुगतान से संबंधित समस्त प्रपत्र प्रदान किए गए। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के रेल सेवा में योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सक्रिय भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी रूपेश कुमार सुमन द्वारा सेवानिवृत्ति उपरांत मिलने वाले भुगतान, मानार्थ पास, HRMS तथा UMID से संबंधित सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्मिक एवं लेखा विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा।
