सिंगरौली कोल इंडिया लिमिटेड की सिंगरौली स्थिति अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) अपनी
सीएसआर पहल के तहत सिंगरौली जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल की उपस्थिति में महाप्रबंधक (सीएसआर), एनसीएल तथा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिंगरौली के बीच जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर, बैढन में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने हेतु एक समझौता ज्ञापन (एमयओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस सीएसआर परियोजना हेतु प्रस्ताव माननीय सांसद, सीधी-सिंगरौली डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा अनुशंसित एवं जिला कलेक्टर, सिंगरौली द्वारा एनसीएल को प्रेषित था।
इस परियोजना के अंतर्गत एनसीएल अपने सीएसआर मद से जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर को
अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराएगी। इन उपकरणों में कार्डियोलॉजी, सर्जरी एवं ऑपरेशन
थिएटर, ऑर्थोपेडिक्स, दंत चिकित्सा, नेत्र चिकित्सा तथा आपात एवं ट्रॉमा सेवाओं से संबंधित उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों के आने के बाद जिला अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा
और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर कलेक्टर सिंगरौली ने एनसीएल द्वारा क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु किए जा
रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह पहल जिले के नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं
उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एनसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन ने कहा कि कंपनी अपने सीएसआर कार्यक्रमों के
माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है ।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
