एम०ई०आई०एल० परियोजना में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन

Spread the love

अनपरा।एम०ई०आई०एल० अनपरा एनर्जी लि० परियोजना में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक किया गया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में एम०ई०आई०एल० अनपरा के स्टेशन हेड़  आनन्द कुमार सिंह व हेड़ ओ० एण्ड एम०  सन्तोष कुमार दुबे ने 14 अप्रैल 1944 की दुःखद घटना को याद करते हुए उन बहादुर अग्निशमन दल के शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया, जिन्होंने अपने जीवन की परवाह न करते हुए मुसीबत में फंसे हुए लोगों की मदद के लिए मौत को गले लगाया। ज्ञात हो कि 14 अप्रैल 1944 को भारत वर्ष के इतिहास में भयानक आग की जो घटना घटी, जिसको मुम्बई बन्दरगाह धमाके के नाम से जाना जाता है। यह आग विक्टोरिया बंदरगाह पर खड़े समुद्री जहाज जिसका नाम फोर्ट स्ट्रीकाईन में लगी। उस जहाज में भारी मात्रा में रूई व विस्फोटक सामग्री भरी थी। इस हादसे में 700 से ज्यादा जानें चली गई तथा 60 से ऊपर फायर फाइटरों को अपनी जान कुर्बान करनी पड़ी। इन्हीं बहादुर फायर फाइटरों की याद में 14 अप्रैल को अग्निशमन दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे एम०ई०आई०एल० अनपरा के वरिष्ठ प्रबन्धक, फायर,  सुनील कुमार भारद्वाज ने अग्निशमन दिवस के बारे में चर्चा करते हुए आग की घटनाओं को रोकने के प्रभावी उपायों के विषय पर जानकारी दी। इस अवसर पर अग्निशमन दल द्वारा आग पर काबू पाने के तौर तरीकों का सजीव प्रदर्शन किया गया तथा उनके द्वारा आसमान में पानी के बौछार द्वारा तिरंगे व इन्द्रधनुष का निर्माण भी बड़ा ही मनोहारी रहा। इस अवसर पर  वरिष्ठ महाप्रबन्धक  कुलदीप शर्मा,  एस०डी० सिंह, मानव संसाधन प्रमुख  एन०एन० तिवारी, वरिष्ठ उपमहाप्रबन्धक मानव संसाधन  एस०के० द्विवेदी, विवेक श्रीवास्तव सहित समस्त विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान परियोजना द्वारा अनपरा परिक्षेत्र के निवासियों को आग की रोकथाम व सुरक्षा के बारे जानकारी देने हेतु  अवधूत भगवान राम महाविद्यालय, डा० अम्बेडकर इण्टर कालेज, सेपीऐन्ट इन्टरनेशनल एकेडमी, लोझरा गवर्नमेन्ट अस्पताल, संयुक्त चिकित्सालय, डिबुलगंज, अनपरा बाजार और परियोजना आवासीय परिसर में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एम०ई०आई०एल० अनपरा के वरिष्ठ प्रबन्धक, फायर,  सुनील कुमार भारद्वाज की देखरेख में उपस्थित छात्र, छात्राओं, अध्यापकों व ग्रामीणों को आग से बचाव के तौर तरीकों व अग्नीशमन उपकरणों के इस्तेमाल की सजीव जानकारी दी गई। अग्नीशमन उपकरणों का इस्तेमाल करने की जानकारी व उसका उपयोग करने के लिए छात्रों में भारी उत्साह देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *