ऊर्जा उत्कृष्टता के 45 गौरवशाली वर्ष: एनटीपीसी सिंगरौली की इकाई-1 का उत्पादन दिवस उल्लास के साथ मनाया गया

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली में आज इकाई-1 का 45वाँ उत्पादन दिवस उत्साह, गर्व एवं गरिमा के साथ मनाया गया। यह अवसर परियोजना की दीर्घकालिक विश्वसनीयता, तकनीकी दक्षता एवं कर्मियों की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

NTPC

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः इकाई-1 के नियंत्रण कक्ष में केक काटकर किया गया। इस अवसर पर सी एच किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उपलब्धियों के गौरव एवं सामूहिक उत्साह से परिपूर्ण रहा। इसके उपरांत सेवा भवन उद्यान में विधिवत हवन एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में सी.एच. किशोर कुमार, रश्मि रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना), विभिन्न विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों एवं श्रमिकों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री किशोर कुमार ने उत्पादन दिवस की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा—“उत्पादन दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संगठन की समर्पण, अनुशासन एवं तकनीकी उत्कृष्टता की निरंतर यात्रा का उत्सव है। इकाई-1 की 45 वर्षों की यह उपलब्धि एनटीपीसी सिंगरौली की सुदृढ़ कार्यसंस्कृति, टीम भावना एवं कर्मियों की अथक निष्ठा का प्रमाण है। यह अवसर हमें अतीत की सफलताओं से प्रेरणा लेकर भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु संकल्पित करता है।”

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी सिंगरौली की प्रथम इकाई-1 ने वर्ष 1982 में वाणिज्यिक उत्पादन आरम्भ किया था। विगत 45 वर्षों में इस इकाई ने देश के ऊर्जा क्षेत्र में निरंतर विश्वसनीय एवं स्थायी योगदान प्रदान किया है। वित्तीय वर्ष 2025–26 में जनवरी 2026 तक इकाई-1 द्वारा 90.36 प्रतिशत पीएलएफ दर्ज किया जाना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है, जिसके आधार पर यह एनटीपीसी की सभी इकाइयों में पाँचवें स्थान पर रही। यह सफलता परियोजना कर्मियों की तकनीकी दक्षता, सजग संचालन एवं सतत निगरानी का प्रत्यक्ष उदाहरण है। एनटीपीसी सिंगरौली देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सुरक्षा, गुणवत्ता, परिचालन उत्कृष्टता एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *