संदिग्ध हालात में कार में लगी आग जलकर हुई खाक

दुद्धी, सोनभद्र। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी परिसर में रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक नई कार में आग लग गई। घटना में सीएचसी दुद्धी में तैनात स्टाफ नर्स सरोज खान की लाल रंग की स्विफ्ट कार लगभग 70 प्रतिशत जलकर खाक हो गई, जबकि बगल में खड़ी ओमनी एंबुलेंस भी आग की चपेट में आ गई।जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब 12 बजे स्टाफ नर्स सरोज खान अपने बेटे के साथ कहीं से लौटकर आई थीं और अपनी नई स्विफ्ट कार को अस्पताल परिसर में ब्लड बैंक सेंटर से कुछ दूरी पर खड़ा कर सरकारी आवास चली गईं। उनके जाने के कुछ ही देर बाद कार से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

NTPC

रात में ड्यूटी पर तैनात एंबुलेंस कर्मियों और भर्ती मरीजों की नजर जब जलती कार पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। तुरंत शोर मचाया गया और कार स्वामिनी को सूचना दी गई। इसके बाद एंबुलेंस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद बाल्टी से पानी डालकर आग पर काबू पाया। तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। आग की लपटों से पास खड़ी ओमनी एंबुलेंस भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा सुबह जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया तो कार में आग अपने आप उठती हुई दिखाई दी। लोगों का अनुमान है कि गाड़ी हाल ही में चलकर आई थी, जिससे अधिक गर्मी रही होगी और शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है। वहीं कुछ लोगों ने किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा जलती हुई वस्तु फेंके जाने की आशंका भी जताई है।फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। सौभाग्यवश इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन नई कार के जलने से स्टाफ नर्स को भारी नुकसान हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *