सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली के नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता अब अपने अंतिम चरण की ओर अग्रसर है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों में अपार उत्साह, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव देखने को मिला।

दूसरे दिन 400 मीटर, 200 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, क्रिकेट, रिले रेस, लंबी कूद, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी एवं रस्सा कस्सी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अब तक संपन्न सभी प्रतिस्पर्धाओं में ग्रामीण खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना एवं शानदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।
एथलेटिक्स एवं टीम स्पर्धाओं में विभिन्न गांवों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा कई मुकाबले अत्यंत रोमांचक एवं निर्णायक क्षणों से भरपूर रहे। विशेष रूप से कबड्डी एवं रस्सा कस्सी जैसी टीम स्पर्धाओं में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का जोश, समर्पण एवं सामूहिक भावना सराहनीय रही। चयनित खिलाड़ी अब फाइनल मुकाबलों के लिए अपनी दावेदारी को और अधिक सशक्त बना रहे हैं।

खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, अनुशासन एवं खेल कौशल ने यह स्पष्ट कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यह प्रतियोगिता न केवल खेल कौशल को निखारने का माध्यम बनी है, बल्कि खिलाड़ियों के बीच आपसी भाईचारे, सहयोग, नेतृत्व एवं सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ कर रही है। काली मंदिर, बस स्टैंड, बलिया नाला, अंबेडकर नगर, चिलकाडांड, निमियाटांड, दिया पहरी, कोहरौल, घरसड़ी एवं चंदुआर सहित अनेक गांवों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस वर्ष की प्रतियोगिता की एक उल्लेखनीय विशेषता ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय एवं सशक्त सहभागिता रही। महिला खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया कि वे खेल के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता, दृढ़ संकल्प एवं सफलता की नई मिसाल स्थापित कर रही हैं।
इस तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह 01 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख संदीप नायक, श्रीमती प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा, वनिता समाज, सहित एनटीपीसी सिंगरौली के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा सीएसआर के अंतर्गत आयोजित यह ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता युवाओं के सर्वांगीण विकास, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में निरंतर अपनी पहचान बना रही है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
