स्वामी विवेकानन्द जी का स्पष्ट संदेश कि लक्ष्य पर एकाग्रता, संकल्प पर दृढ़ता और कर्म में निरन्तरता होनी चाहिए – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने ‘राष्ट्रीय युवा दिवस‘ पर स्वामी विवेकानन्द जी को श्रद्धांजलि अर्पित की

NTPC

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं को राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ अवॉर्ड प्रदान किया

मुख्यमंत्री ने ‘खेलो इण्डिया‘ योजनान्तर्गत 05 बहुद्देशीय हाल का लोकार्पण तथा 03 ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया

स्वामी विवेकानन्द ने वैश्विक मंच पर भारत की सनातन संस्कृति, उसकी आध्यात्मिक चेतना और बौद्धिक प्रतिभा से परिचित कराने में बड़ी भूमिका का निर्वहन किया : मुख्यमंत्री

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों की ओर से स्वामी विवेकानन्द जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत के उस युवा संन्यासी ने वैश्विक मंच पर भारत की सनातन संस्कृति और परम्परा को मजबूत करने के साथ भारत और भारतीयता को एक नई पहचान दिलायी थी। स्वामी विवेकानन्द जी ने वैश्विक मंच पर दुनिया की सबसे प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक भारत की सनातन संस्कृति, उसकी आध्यात्मिक चेतना और बौद्धिक प्रतिभा से परिचित कराने में बड़ी भूमिका का निर्वहन किया था। इसी कारण उनकी जयन्ती को सम्पूर्ण देश में युवा दिवस के रूप में आयोजित किया जाता है। स्वामी विवेकानन्द जी की प्रेरणा प्रत्येक भारतीय को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
मुख्यमंत्री आज यहां राष्ट्रीय एवं सामाजिक कार्यां में युवाओं की सहभागिता के उत्सव ‘राष्ट्रीय युवा दिवस‘ कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं को राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ अवॉर्ड प्रदान किया। इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। ‘खेलो इण्डिया‘ योजनान्तर्गत 05 बहुद्देशीय हाल (जनपद लखनऊ में 02 तथा जनपद हरदोई, कन्नौज व सहारनपुर में 01-01) का लोकार्पण तथा जनपद सहारपनुर, कासगंज तथा फतेहपुर में ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर जहाँ हम सब स्वामी विवेकानन्द जी का स्मरण कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आज मां जीजाबाई की भी पावन जयन्ती है। मां जीजाबाई के संस्कारों में छत्रपति शिवाजी महाराज पले बढ़े और उनके सानिध्य व मार्गदर्शन में हिंदवी साम्राज्य की स्थापना की थी। स्वामी विवेकानन्द उस भारत का प्रतिनिधित्व करते थे, जो अपनी सुप्त चेतना के कारण आत्मबोध लगभग खो चुका था। गुलामी का दंश अगर देखना हो तो आत्मबोध खो चुके उस समय के भारत के बारे में जान सकते हैं, जब मुट्ठी भर विदेशी आक्रान्ता भारत को गुलाम बनाने में सफल हो गए थे। यहां की सभ्यता, संस्कृति व परम्परा को अपमानित किया जा रहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द के बचपन का नाम नरेन्द्र था। नरेन्द्र से स्वामी विवेकानन्द तक की यात्रा एक साधक से एक युग प्रवर्तक की यात्रा है। अर्थात् यदि हमारे मन में बदलाव की इच्छाशक्ति व सत्संकल्प हो, तो उस बदलाव के वाहक बन सकते हैं। लीक से हटकर चलने की प्रेरणा हमें आगे बढ़ा सकती है। उन्होंने कठोपनिषद् के मंत्र ‘उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत’ अर्थात् ‘उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको’ को अपने जीवन का मंत्र बनाया। यह मंत्र प्रत्येक भारतीय, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया था। स्वामी जी का स्पष्ट संदेश था कि लक्ष्य पर एकाग्रता, संकल्प पर दृढ़ता और कर्म में निरन्तरता होनी चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होगा, सफलता प्राप्त नहीं हो सकती।

हमारे धर्म स्थलों तथा पर्यटन स्थलों पर आज बड़ी संख्या में टूरिस्ट आ रहे हैं। इससे गाइड, टैक्सी चालक, होटल, रेस्टोरेंट व अन्य अलग-अलग रूप में रोजगार का सृजन हुआ है। प्रदेश के युवाओं को इनोवेशन, रिसर्च एण्ड डेवलपमेण्ट, एम्प्लॉयमेण्ट आदि नए-नए क्षेत्र के लिए तैयार करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम लोग जिस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, उसमें नई चुनौतियां भी हैं। तकनीक के प्रति सतर्कता और सावधानी की आवश्यकता है। तकनीक और प्रगति के साथ नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता भी आवश्यक है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश इस दिशा में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। आज हमारे पास बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर है। प्रदेश ने देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के साथ रेवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में स्वयं को स्थापित किया है। प्रदेश के पास स्टार्टअप का एक बेहतरीन ईको सिस्टम है। हमें अपने युवाओं को, जो वास्तव में देश के वास्तविक शिल्पकार हैं, आगे बढ़ाने के लिए मजबूती के साथ जोड़ने की दिशा में कार्य करना होगा। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक नीरज बोरा व ओ0पी0 श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *