सरकारी प्रयासों के साथ-साथ उद्योगों और संस्थाओं का सहयोग टीबी उन्मूलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण – डॉ. सी.के. दास
एनटीपीसी कांटी ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 200 टीबी मरीजों को पोषण युक्त फ़ूड बास्केट वितरित किए, छह महीने तक निरंतर पोषण सहायता प्रदान करने का संकल्प
मुजफ्फरपुर। सामाजिक नैगमिक दायित्व (CSR) के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए एनटीपीसी कांटी ने आज प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गोद लिए गए 200 टीबी मरीजों को पोषण युक्त फ़ूड बास्केट प्रदान किए। यह वितरण कार्यक्रम मुज़फ्फरपुर जिले में टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
टीबी उपचार में पोषण का अत्यधिक महत्व होने के कारण निक्षय मित्र पहल के माध्यम से एनटीपीसी कांटी ने 200 मरीजों को छह महीने तक निरंतर पोषण सहायता प्रदान करने का संकल्प लिया है। इस पहल का उद्देश्य टीबी से जूझ रहे मरीजों को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराना है, जिससे उपचार के दौरान उनकी प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और वे तेजी से स्वस्थ हो सकें।
एनटीपीसी कांटी द्वारा वितरित किए गए प्रत्येक फ़ूड बास्केट में दाल, चावल, आटा, मिल्क पाउडर, तेल सहित आवश्यक पोषक तत्व शामिल हैं, जो मरीजों की दैनिक पोषण आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होंगे। यह पहल जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में एक सार्थक योगदान है। कार्यक्रम के अवसर पर देबेश कुमार पाढ़ी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने कहा,
“एनटीपीसी कांटी समाज के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति सदैव संवेदनशील रहा है। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में सहभागी होना हमारे लिए गर्व की बात है। हमारा उद्देश्य है कि पोषण सहायता के माध्यम से टीबी प्रभावित मरीजों को जल्द स्वस्थ होने में मदद मिले।” इस अवसर पर उमेश कुमार, महाप्रबंधक (अनुरक्षण) तथा महेशकुमार सुथार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने भी टीबी उन्मूलन के प्रति एनटीपीसी कांटी की प्रतिबद्धता दोहराई और आशा व्यक्त की कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से मुज़फ्फरपुर जिला शीघ्र ही टीबी मुक्त श्रेणी में शामिल होगा।
कार्यक्रम में डॉ. सी.के. दास, मुख्य विकास अधिकारी (मुज़फ्फरपुर) ने भी उपस्थित रहकर इस पहल की सराहना की और कहा कि सरकारी प्रयासों के साथ-साथ उद्योगों और संस्थाओं का सहयोग टीबी उन्मूलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसके अलावा, संजीत कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित NTPC कांटी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। एनटीपीसी कांटी द्वारा संचालित यह पहल न केवल स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि कॉर्पोरेट–समाज साझेदारी के उत्कृष्ट उदाहरणों में से एक है। आने वाले छह महीनों में नियमित रूप से 200 टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान कर एनटीपीसी कांटी प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूत समर्थन देगा।
