एनटीपीसी बाढ़ में स्वच्छता पखवाड़ा 2025 का समापन

Spread the love

पटना। एनटीपीसी बाढ़ द्वारा “स्वच्छ भारत अभियान” के अंतर्गत 16 मई से 31 मई 2025 तक “स्वच्छता पखवाड़ा 2025” का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य जनसामान्य के बीच स्वच्छता के महत्व को उजागर करना, स्वच्छ वातावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करना और साफ-सफाई को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना रहा। 

कार्यक्रम की शुरुआत 16 मई को सामूहिक स्वच्छता शपथ और प्रभात फेरी के आयोजन से हुई, जिसमें एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में जागरूकता फैलाने के लिए बैनर, होर्डिंग्स और सेल्फी बूथ लगाए गए, जिससे स्वच्छता का संदेश लोगों तक पहुँचाया गया।

स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान विभिन्न स्थानों जैसे कि गांव, स्कूल, सार्वजनिक स्थान, बाढ़ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड आदि में श्रमदान, सफाई अभियान तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नुक्कड़ नाटक, रैलियाँ, निबंध व नारा प्रतियोगिताएँ, चित्रकला प्रतियोगिताएँ जैसे रचनात्मक और संवादात्मक कार्यक्रमों ने न केवल बच्चों में बल्कि वयस्कों में भी स्वच्छता को लेकर सकारात्मक सोच विकसित की। एकल उपयोग प्लास्टिक के उन्मूलन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया जिसमें लोगों को “नो सिंगल यूज़ प्लास्टिक” के संदेश के माध्यम से शिक्षित किया गया। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ेदानों की स्थापना भी की गई।  “वेस्ट टू वेल्थ” विषय पर आयोजित कार्यशालाओं और प्रदर्शनों ने यह दर्शाया कि कचरे को किस प्रकार उपयोगी सामग्री में परिवर्तित किया जा सकता है। इससे प्रतिभागियों में नवाचार की भावना को बढ़ावा मिला। 

अभियान के अंतिम चरण में वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा स्वच्छता विषयक संवाद सत्र आयोजित किए गए। बालिका सशक्तिकरण अभियान 2025 में भाग ले रही बालिकाओं ने भी स्वच्छता पखवाड़ा के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। स्वच्छता पखवाड़ा 2025 का यह कार्यक्रम जी श्रीनिवास राव, कार्यकारी निदेशक (एनटीपीसी बाढ़) के मार्गदर्शन में मानव संसाधन विभाव द्वारा आयोजित किया गया। यह सिर्फ एक स्वच्छता कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह समाज में स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *