जिले में धूमधाम से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

सोनभद्र। जिले में 80 वें स्वतंत्रता-दिवस बड़े ही धूमधाम के साथ सरकारी संस्थानों प्राइवेट प्रतिष्ठानों एवं स्कूल कालेज में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।

इसके उपरांत गांधी उद्यान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं वीर बलिदानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र सेवा को कृतज्ञतापूर्वक नमन किया।
इस गरिमामयी अवसर पर अधिकारी गण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे और राष्ट्र की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं प्रगति के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। यह तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि असंख्य बलिदानों, स्वाभिमान और एकजुट भारत की गौरव गाथा है।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘विकसित सोनभद्र’ के निर्माण और जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने जनपद के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि विकसित सोनभद्र का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करेगा। विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विशिष्ट स्टेडियम परिसर में भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गायन से हुआ।  बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने स्टेडियम परिसर में उपस्थित जनमानस को भावविभोर कर दिया। देशभक्ति गीतों एवं नृत्य की प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने बच्चों की प्रतिभा, उत्साह एवं शानदार प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की।
इस अवसर पर मंत्री  ने खेल प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाते हुए धनुष चलाकर निशाना भी साधा। उनके द्वारा तीरंदाजी में निशाना साधने का दृश्य उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने भी स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष और त्याग पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, प्रभागीय वन अधिकारी कैमूर वन्यजीव प्रभाग आरुषि मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारीगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे।

80 वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर सोनभद्र में राष्ट्रप्रेम, रोमांच और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिला। सोन एडवेंचर द्वारा आयोजित ‘ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा’ को जिलाधिकारी  चर्चित गौड़ ने बाइक चलाकर उत्साहपूर्वक रवाना किया। तिरंगे की आन-बान-शान के साथ निकली इस ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा के माध्यम से जहां देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया, वहीं सोनभद्र की प्राकृतिक सुंदरता, दुर्गम एवं रोमांचक क्षेत्रों तथा एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाओं को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया गया।

 ‘ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा’ में प्रतिभागियों ने हाथों एवं बाइकों पर तिरंगा लेकर राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया। रोमांच से भरपूर इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को विशेष स्वरूप देने के साथ सोनभद्र की खूबसूरती और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को भी रेखांकित किया। स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया गया पौधरोपण स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रप्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

दुद्धी तहसील मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाई गई। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दुद्धी तहसील परिसर को तिरंगा रंग से सजाया गया तथा तहसील परिसर में ही सेल्फी पॉइंट बनायीं गई थी जो आकर्षण केंद्र बनी रही। दुद्धी तहसील परिसर में एसडीएम अशोक गुप्ता ने निर्धारित पोशाक में ध्वजारोहण किया। 
इसी तरह कचहरी परिसर में सिविल बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने ध्वजारोहण किया जबकि दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने दुद्धी बार में ध्वजारोहण किया। इसके बाद डॉ राजेंद्र प्रसाद हॉल में संयुक्त रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी तरह बी आर सी परिसर में खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम तथा विकास खंड कार्यालय परिसर में खंड विकास अधिकारी डॉ जितेन्द्र नाथ दूबे, राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ राजेश भारती, राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अजय सिंह, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में शोभा यादव, दुद्धी कोतवाली में डीएसपी विनय प्रभाकर साहनी, राजकीय आई टी आई में प्रधानाचार्य रविंद्र पटेल जबकि सोनांचल इंटर कॉलेज में प्रबंधक आर पी श्रीवास्तव ने झंडा फहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *