हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद,भक्ति गीतों पर जमकर झूमे श्रद्धालु
बीजपुर, सोनभद्र। प्रकृति की सुरम्य एवं मनमोहक वादियों के बीच ग्राम सभा डोड़हर के खैरी टोले स्थित झंडी पहाड़ी पर विराजमान झंडेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से गूंजता रहा।
विदित हो कि झंडेश्वर महादेव मंदिर पर प्रत्येक वर्ष सावन के अंतिम सोमवार को मंदिर समिति की ओर से अखंड हरिकीर्तन एवं भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी सावन के अंतिम सोमवार को 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सहभागिता की।मंगलवार को अखंड हरिकीर्तन के समापन के पश्चात विधि-विधान से हवन-पूजन कराया गया। इसके बाद दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ। भंडारे में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान झंडेश्वर महादेव के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की कामना की और महाप्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे के साथ मंदिर समिति की ओर से भक्ति गीत-संगीत का भी विशेष आयोजन किया गया था।जिसमें जागरण कमेटी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर शाम तक झूमते और जयकारे लगाते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक ऊर्जा का माहौल बना रहा।मंदिर के पुजारी एवं संस्थापक मनोज कुमार वैश्य ने कहा कि झंडेश्वर महादेव की महिमा अपरंपार है। जो भी श्रद्धालु सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान की शरण में आता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि पूरे सावन माह में मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है और दूर-दराज से भी लोग भगवान झंडेश्वर महादेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंसाराम वैश्य,गौरीशंकर, रामकेत,रामकृपाल, सुरेश कुमार,राजू कुमार,दिनेश कुमार सहित मंदिर समिति के तमाम कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा एवं तन्मयता के साथ सहयोग किया। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से प्रसाद ग्रहण कराने तथा कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान भंडारे में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी मंदिर समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं को देखकर भूरी भूरी प्रशंसा की।
