लापरवाही पर मिलेगी कड़ी सजा टीम बनाकर लक्ष्य पूरा करने के दिये निर्देश
चंन्दौली। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित कर-करेत्तर और राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में संपन्न हुई। समीक्षा के दौरान राजस्व वसूली में खराब प्रदर्शन और लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। साथ ही, बैठक में शिथिलता बरतने पर एसडीएम सदर को कारण बताओ नोटिस जारी करने और अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी पीडीडीयू नगर का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व वसूली का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना अनिवार्य है। सिंचाई, वन और लोक निर्माण विभाग की स्थिति बेहद खराब पाए जाने पर उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बैठक तक सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है। जिलाधिकारी ने व्यापार कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, खनन और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा करें । जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया कि तहसीलों में लंबित राजस्व मुकदमों और नामांतरण के मामलों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक माह विभागों के लिए राजस्व वसूली का लक्ष्य तय किया जाता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करें ताकि वसूली में तेजी लाई जा सके। कलेक्ट्रेट और तहसील स्तर पर नियमित अनुश्रवण कर वसूली की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि जिले की रैंकिंग उच्च श्रेणी में रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, एसडीएम आकांक्षा सिंह सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
