बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 17 जून को एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर स्थित सीएमडी सभागार में “कार्यस्थल पर योग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है, जिसके अनुरूप कार्यक्रम में कर्मियों को नियमित योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक प्रीत पाल सिंह गुम्बर द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर आसानी से किए जा सकने वाले योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही उन्होंने बताया कि नियमित योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर कार्यक्षमता, एकाग्रता एवं सकारात्मकता को भी बढ़ाता है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हुए कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं कल्याण की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा। उल्लेखनीय है कि एसईसीएल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर विभिन्न जागरूकता एवं योग संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन मिले ।
