रेणुकूट। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के मनोरंजनालय हाल में एचआर हेड अजय कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत श्रमिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। चिकित्सकों द्वारा श्रमिकों को दवाइयों के सेवन एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सहायक श्रमायुक्त, पिपरी विजय प्रताप यादव ने की। उन्होंने उपस्थित श्रमिकों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्य एवं श्रमिकों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पिपरी मनोज शर्मा तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के चिकित्सा अधिकारी ऋषि मुनि तिवारी सहित चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम की उपस्थिति रही। ऋषि मुनि तिवारी ने श्रमिकों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र श्रमिकों को इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
शिविर में हिंडाल्को के मान्यता प्राप्त श्रम संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। हिंडाल्को की ओर से समय वेतन कार्यालय प्रमुख सुधींद्र सिकरवार, उनकी टीम, एचआर विभाग से दीपक सिंह, तथा संविदा सेल के कर्मचारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया। स्वास्थ्य शिविर के दौरान श्रमिकों की चिकित्सकीय जांच के साथ उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना तथा समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना रहा।
