वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय में ‘जल मंथन’ कार्यक्रम आयोजित
नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय में 19 मई को ‘जल मंथन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री उमाशंकर पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही। उमाशंकर पांडे एक सुप्रसिद्ध समाजसेवी हैं तथा उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के कार्यों को समर्पित किया है।
कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री उमाशंकर पांडे ने मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए जल के महत्व एवं उसके संरक्षण हेतु आवश्यक उपायों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय परिप्रेक्ष्य में विभिन्न अध्ययनों एवं उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि जल एक अमूल्य प्राकृतिक संसाधन है, जिसका हर संभव तरीके से संरक्षण किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्तव्य के उपरांत डॉ. हेमंत शरद पांडे, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, वेकोलि ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने वेकोलि द्वारा जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों एवं पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेकोलि सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है तथा जल संरक्षण संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर निदेशक तकनीकी (संचालन) आनंदजी प्रसाद, निदेशक (तकनीकी)/पी एंड पी संदीप परांजपे, तथा सह-अतिथि अमिए साठे एवं डॉ. अनिल वाघ की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में वेकोलि मुख्यालय के महाप्रबंधक गण एवं विभागाध्यक्ष गण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक (जनसंपर्क) सतीश गबाले द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।
