दुद्धी को जिला बनाने की मांग पर कचहरी गेट पर प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग को लेकर जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने शनिवार दोपहर करीब 1 बजे कचहरी गेट के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से लंबे समय से लंबित मांग को तुरंत पूरा करने की अपील की।इस दौरान दुद्धी बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि तीन राज्यों से घिरा दुद्धी तहसील क्षेत्र आदिवासी बहुल, पिछड़ा और नक्सल प्रभावित इलाका है। दुद्धी तहसील की दूरी सोनभद्र जिला मुख्यालय से लगभग 150 किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानकों को पूरा करता है और सरकार को यहां से भारी राजस्व भी मिलता है, इसके बावजूद दुद्धी को अब तक जिला नहीं बनाया गया।उन्होंने यह भी कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की मांग पिछले तीन दशकों से की जा रही है। चुनाव के समय प्रदेश और केंद्र स्तर के नेताओं द्वारा दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया गया था, जिसे अब पूरा किया जाना चाहिए। यदि सरकार ने पहल नहीं की तो संघर्ष समिति को व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।वहीं दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमचंद यादव और सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से कहा कि वर्षों से मांग उठाए जाने के बावजूद शासन स्तर पर कोई ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाया जा रहा है, जबकि प्रशासनिक स्तर से जिला बनाए जाने से संबंधित रिपोर्ट पहले ही शासन को भेजी जा चुकी है।प्रदर्शन में रामपाल जौहरी, रामजी पाण्डेय, छोटेलाल, कुलभूषण पाण्डेय, जवाहर लाल, राकेश कुमार, विजय कुमार, आनंद कुमार, रामेश्वर राव, सुभेष मौर्या, प्रेमचंद गुप्ता, अमरावती देवी, राकेश, अभिनाथ यादव, मनोज यादव, अभिनव, पुनीत सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और संघर्ष समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *