सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में आयोजित VPL-2026 (विंध्याचल प्रीमियर लीग) एवं जूनियर VPL-2026 टूर्नामेंट का समापन अत्यंत उत्साह के साथ हुआ। दो सप्ताह तक चले इस क्रिकेट महोत्सव में 10 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान रोमांचक मुकाबले, जोशीले प्रदर्शन तथा कर्मचारियों, सहयोगियों एवं उनके परिवारों का भरपूर समर्थन देखने को मिला। VPL-2026 का भव्य फाइनल बेहद रोमांचक रहा, जिसमें विंध्याचल वॉरियर्स ने विंध्याचल स्ट्राइकर्स को अंतिम ओवर में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। 84 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉरियर्स टीम ने शुरुआती झटकों के बाद शानदार वापसी की और अंतिम दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाकर जीत हासिल की। जूनियर VPL-2026 में विंध्याचल टाइटंस विजेता बने, जबकि रॉयल चैलेंजर विंध्याचल उपविजेता रहे।
पूरे टूर्नामेंट के आँकड़े भी बेहद शानदार रहे। कुल 23 मैचों और 44 पारियों में 3597 रन बने, जिनमें 275 चौके, 157 छक्के और 220 विकेट शामिल रहे। प्रतियोगिता में 6 अर्धशतक, 13 पचास से अधिक रनों की साझेदारियाँ तथा कई बेहतरीन फील्डिंग प्रदर्शन देखने को मिले, जिससे यह टूर्नामेंट यादगार बन गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) उपस्थित रहे। इस अवसर पर ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (ओ एंड एम), एस.के. सिन्हा, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एवं एफएम) एवं अध्यक्ष (स्पोर्ट्स काउंसिल), तथा श्रीमती रूमा दे शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) भी मौजूद रहीं। सभी गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों, अधिकारियों, आयोजन समिति, स्पोर्ट्स काउंसिल, समर्थकों और अभिभावकों को VPL-2026 एवं जूनियर VPL-2026 को सफल बनाने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
