सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने एनआर क्षेत्रीय मेधा प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट सफलता हासिल की। प्रतियोगिता का क्षेत्रीय चरण 8 अगस्त 2026 को एनटीपीसी दादरी में आयोजित किया गया, जिसमें विंध्याचल की टीमों ने अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

सीनियर वर्ग में तन्मय वर्मा एवं हर्षित शर्मा, मिडिल वर्ग में उत्कर्ष पारीक एवं दक्ष जैन तथा जूनियर वर्ग में मास्टर रौनक राज एवं मास्टर श्रेयांश खांडेय की टीमों ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय फाइनल के लिए स्थान सुनिश्चित किया। वहीं, कर्मचारी वर्ग में विवेक सिंह एवं चितरंजन पासवान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।
एनटीपीसी विंध्याचल की टीमों की इस उपलब्धि ने परियोजना को गौरवान्वित किया है। युवा प्रतिभागियों एवं कर्मचारियों ने क्षेत्रीय स्तर पर अपनी ज्ञानवत्ता, प्रतिभा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय देते हुए विंध्याचल की समृद्ध बौद्धिक एवं ज्ञानपरक संस्कृति को प्रतिबिंबित किया। यह उपलब्धि टीम विंध्याचल के लिए गर्व का क्षण है और राष्ट्रीय फाइनल में चयनित प्रतिभागियों से आगामी चरण में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।
