वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव स्थित अरिहंत नगर कॉलोनी के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने कालोनाइजर महेंद्र गौतम (54) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सीसीटीवी फुटेज में कैद बदमाश
पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें साफ दिख रहा है कि बदमाश चलती बाइक से महेंद्र गौतम के समानांतर आए और कनपटी व सीने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीछे बैठे दो हमलावर लगातार गोलियां चला रहे थे। वहीं एक महिला राहगीर ने जब शोर मचाया तो आरोपी असलहा लहराते हुए फरार हो गए।
रोज की तरह निकले थे घर से
जानकारी के मुताबिक, महेंद्र गौतम हर दिन की तरह गुरुवार सुबह अपने घर बुद्धा सिटी से बाइक पर सवार होकर अरिहंत नगर स्थित अपने कार्यक्षेत्र की ओर जा रहे थे। तभी नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा कर उन पर हमला कर दिया।
सड़क पर गिरते ही खत्म हो गई जिंदगी
गोली लगते ही महेंद्र गौतम सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
वारदात के बाद बदमाश कॉलोनी से रिंग रोड की ओर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
