आज़मगढ़: गर्लफ्रेंड से मिलने के बहाने मांगी बाइक, दोस्तों संग डाका; मुठभेड़ में दो बदमाश दबोचे

Spread the love

आज़मगढ़ जिले की फूलपुर पुलिस ने डाकघर पोस्ट मास्टर से हुई लूट की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से भाग निकला। पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा, कारतूस, मोबाइल, नकदी और पोस्ट मास्टर का आधार-पैन कार्ड समेत पूरा बैग बरामद हुआ।

कैसे हुआ था लूटकांड

18 अगस्त को फूलपुर क्षेत्र के मुड़ियार-चितरावल रोड पर डाकघर के पोस्ट मास्टर से लूट की वारदात हुई थी। तीन बदमाशों ने असलहे के दम पर उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए थे। इसमें नकदी, मोबाइल फोन और डाकघर से जुड़े कागजात थे।

मुठभेड़ में एक बदमाश घायल

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाल सच्चिदानंद यादव के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम बनाई गई थी। बुधवार देर रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल आरोपी सफेद अपाचे बाइक से किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं।
पुलिस ने नाकेबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सलीम के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं उसका साथी अंश मौर्या पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी ऋषभ कश्यप अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

अरफात ने कराई थी रेकी

पूछताछ में घायल आरोपी सलीम ने खुलासा किया कि उनके साथी अरफात ने ही पूरी रेकी कराई थी। उसने बताया था कि डाकघर का मुंशी रोजाना कैश लेकर आता-जाता है। पैसों के लालच में आरोपियों ने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

जिम से मांगकर लाता था बाइक

पुलिस पूछताछ में सलीम ने यह भी बताया कि वह जिम में आने वाले युवकों से अलग-अलग बहाने बनाकर बाइक लेता था। कभी कहता गर्लफ्रेंड से मिलने जाना है, तो कभी कोई और बहाना बनाता था। इसी तरह उसने दीपक कुमार नामक युवक से अपाचे बाइक गर्लफ्रेंड से मिलने का झांसा देकर मांगी और उसी बाइक से वारदात की।

पुलिस की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी ऋषभ कश्यप की तलाश कर रही है। पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *