उत्तर प्रदेश अपने पतन से निकलकर ऊंचाई के शिखर को छू रहा है तथा देश की तीसरी अर्थव्यवस्था बना है – उप राष्ट्रपति 

Spread the love

काशी तमिल संगमम 5.0″ का हुआ भव्य आगाज*

*तमिल संस्कृति भारत का गौरव है इसका उद्घोष प्रधानमंत्री सभी मंचों पर डंके की चोट पर कहते हैं- सी.पी. राधाकृष्णन*

*काशी तमिल संगमम का आयोजन भारत की सनातन परंपरा का एक उत्सव बन गया है-योगी आदित्यनाथ* 

*संत तिरुवल्लुवर के छंद संपूर्ण मानव सभ्यता को प्रदर्शित करते हैं-मुख्यमंत्री, उ०प्र०*

इस वर्ष काशी तमिल संगमम् 5.0 की थीम ‘थिरुक्कुरल पयिलोम–थिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है

12 दिसंबर तक चलने वाला यह संगमम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने और उत्तर व दक्षिण भारत की साझा विरासत, भाषा, साहित्य तथा ज्ञान परंपरा को एक मंच पर लाने का करेगा प्रयास

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए काशी और तमिलनाडु के बीच के सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाने तथा तिरुक्कुरल के शाश्वत नैतिक मूल्यों और सदाचार के आदर्शों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 28 नवंबर से 12 दिसम्बर तक चलने वाले 15 दिवसीय आयोजित “काशी तमिल संगमम 5.0” का शनिवार को भव्य आगाज हुआ। गंगा के किनारे नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में भारत के उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत् उद्घाटन किया। 12 दिसंबर तक चलने वाला यह संगम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने और उत्तर व दक्षिण भारत की साझा विरासत, भाषा, साहित्य तथा ज्ञान परंपरा को एक मंच पर लाने का प्रयास करेगा।

 उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भारत माता के पवित्र चरणों को स्पर्श करते हुए भारत माता की जय कहा। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी दोस्ती पिछले 28 वर्षों की है। 1999 के कार्यक्रम में हम साथ में संसद में बैठते थे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री सभी कार्यक्रमों में अपनी अलग छाप छोड़ते हैं। उन्होंने इन आयोजनों के लिए आईआईटी मद्रास व बीएचयू वाराणसी को धन्यवाद दिया तथा कहा कि इस पांचवे संस्करण में भाग लेना मेरे लिए आनंद की बात है। मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर उन्होंने अयोध्या में आयोजित छोटी दीपावाली के भव्य कार्यक्रम में भाग लिया था। मुख्यमंत्री के प्रयास से सच में वहां रामराज्य का निर्माण हुआ है क्योंकि आज हर गली में महिला निर्भीक होकर जा सकती है। आज उत्तर प्रदेश अपने पतन से निकलकर ऊंचाई के शिखर को छू रहा है तथा देश की तीसरी अर्थव्यवस्था बना है। सकल घरेलू उत्पाद में उत्तर प्रदेश का योगदान नौ प्रतिशत से ज्यादे का है। दुनिया के आध्यामिक राजधानी में विख्यात काशी है जिसके कण कण में शिव गूंजता है। तमिलनाडु में सभी के मन में काशी को लेकर अलग स्थान है कि काशी यात्रा तथा बाबा विश्वनाथ जी का दर्शन करना है। तमिलनाडु से यहां बुनकर शताब्दियों पहले आए थे तथा यहां से निर्यात को भी बढ़ावा दिया था। महाकवि सुब्रमण्यम भारती अपने जीवन के अधिकतम काल इसी काशी में व्यतीत किए थे। कुछ लोग कहा कहते हैं भारत कभी एक देश के रूप में नहीं रहा बल्कि अंग्रेजों ने हमे एकत्रित किया, तमिलनाडु भी 24 छोटे भागों में चोल, चेर, पांड्य बंटे हुए थे लेकिन भावनाओं में हम सभी जुड़े थे। काशी तमिल संगमम के पांचवे संस्करण की विशेषता थिरुक्कुरल को बढ़ावा देना है। तमिल संस्कृति भारत का गौरव है इसका उद्घोष प्रधानमंत्री सभी मंचों पर डंके की चोट पर कहते हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर हर महादेव के उद्घोष के साथ वणक्कम तमिलनाडु- वणक्कम काशी बोलते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से उन्होंने सभी का अविनाशी काशी में स्वागत करते हुए कहा कि काशी तमिल संगमम का आयोजन भारत की सनातन परंपरा का एक उत्सव बन गया है। संत तिरुवल्लुवर के छंद संपूर्ण मानव सभ्यता को प्रदर्शित करते हैं। धर्म, अर्थ और काम भारत की सनातन परंपरा के मूल हैं। एक हजार शिक्षण संस्थानों को जोड़कर राष्ट्रीय शैक्षिक कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। सभी अतिथि काशी के साथ प्रयाग व अयोध्या में भी दर्शन करेंगे। संगम का अर्थ मिलकर एक बड़ी धारा को आगे बढ़ाना होता है। काशी में गंगा की ज्ञान परम्परा जब तमिल की पवित्र धारा से मिलता है तभी सनातन संस्कृति आगे बढ़ती है। पंद्रहवीं शताब्दी में पांड्यान साम्राज्य द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कार्य कराया गया था। आज भी काशी के केदार घाट, हनुमान घाट पर तमिल संस्कृति जीवित है, इनको काशी का तमिल कहा जाता है।

        इससे पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए उप राष्ट्रपति को इंगित करते हुए कहा कि तमिलनाडु से आप तीसरे उप राष्ट्रपति हैं। उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े नौ सालों में बड़े बदलावों के साथ कानून का राज्य स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी उन्होंने स्वागत किया। साथ ही सभी तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों को वन्नकम कहा।

भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष सामू कृष्ण शास्त्री ने सभी को नमस्कार करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने इस आयोजन का विचार सभी के सामने रखा था। वाराणसी से रामेश्वरम का संबंध प्राचीन समय से रहा है। दोनों के बीच सांस्कृतिक आधार रहा है, उसी को सुदृढ़ करने हेतु पुनः ये प्रयास हो रहा। 

इस आयोजन में तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिनिधि सात अलग-अलग समूहों में भाग ले रहे हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया प्रतिनिधि, किसान, कारीगर, पेशेवर, महिलाएं एवं आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं। प्रतिभागियों को वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, साहित्यिक परिचर्चाएं, हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनियां तथा तिरुक्कुरल पर आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

     काशी तमिल संगमम् 5.0 का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। यह आयोजन उत्तर और दक्षिण भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत, भाषाई विविधता और राष्ट्रीय एकता को नई मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। काशी और तमिलनाडु का यह संगम भारतीय संस्कृति की एकात्मता, विविधता में एकता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है।

अतिथियों द्वारा नमो घाट पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा बटन दबाकर तमिल संगमम 5.0 का उद्घाटन किया गया। उपराष्ट्रपति द्वारा थिरुक्कुरल के अनुवादित ग्रन्थ का भी बटन दबाकर उद्घाटन किया गया। शिक्षा मंत्री द्वारा स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्रम देकर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया गया।

 इस अवसर पर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सचिव शिक्षा विभाग श्रीमती दीप्ति मुखर्जी, कुलपति अजीत कुमार चतुर्वेदी, डायरेक्टर आई आई टी मद्रास कामकोटि समेत विभिन्न गणमान्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। वर्चुअल माध्यम से भी देशभर से कई शिक्षा संस्थान जुड़े थे।

इससे पूर्व उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ मंदिर एवं कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में उप राष्ट्रपति को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंगवस्त्रम भेट तथा रुद्राक्ष की माला पहनाई। इस अवसर पर उन्होंने स्मृति चिन्ह भी भेंट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *