मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 252 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न

Spread the love

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को दिया आशीर्वाद

सोनभद्र। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन सोनभद्र के  पर्यवेक्षण में 28 नवंबर को रेलवे फुटबॉल मैदान चोपन में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 242 हिन्दू एवं 09 मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 252 जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधि-विधान से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के 38, करमा के 24, चतरा के 17, नगवां के 20, दुद्धी के 21, म्योरपुर के 27, घोरावल के 25, चोपन के 20, कोन के 19, बभनी के 29 तथा नगर पालिका क्षेत्र के 12 पात्र जोड़े सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति आयोग जीत सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), उपजिलाधिकारी ओबरा, जिला विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।

शासनादेश के अनुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा कुल 1,00,000 रुपये का व्यय निर्धारित है। इसमें कन्या के दाम्पत्य जीवन की खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए 64,000 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से कन्या के बैंक खाते में अंतरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 21,000 रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई, जिसमें गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन, मिष्ठान आदि शामिल हैं। वहीं, कार्यक्रम के आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था आदि के लिए प्रति जोड़ा 15,000 रुपये व्यय किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *