सोनभद्र। खराब स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध जताने का तरीका भी अलग रहा—सपा नेता प्रमोद यादव खुद बेड़ियों में जकड़कर पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने अपर जिलाधिकारी के सामने गिरकर अपनी बात रखी और जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि जिले के सीएचसी, पीएचसी और मेडिकल कॉलेजों की हालत ठीक नहीं है। उनका आरोप है कि अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी है और कई डॉक्टर समय पर नहीं रहते, जिससे मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ता है। कई बार समय पर इलाज न मिलने से मरीजों की हालत और खराब हो जाती है।सपा कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पतालों में जरूरी सुविधाओं की कमी है। साफ-सफाई, दवाइयों और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। यहां तक कि गर्भवती महिलाओं को भी पानी के लिए नीचे तक जाना पड़ता है, जो बेहद चिंता की बात है।इसके अलावा प्रदर्शन में हर घर जल योजना पर भी सवाल उठाए गए। नेताओं का कहना था कि पाइपलाइन बिछने के बाद भी कई जगहों पर पानी नहीं पहुंच रहा है। साथ ही जनप्रतिनिधियों पर चुनाव के बाद अस्पतालों से दूरी बनाने का आरोप भी लगाया गया।सपा नेताओं ने साफ कहा कि अगर जल्द ही स्वास्थ्य सेवाओं और पानी की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सपा का अनोखा प्रदर्शन,बेड़ियों में जकड़कर कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता,स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल
